भोपाल/सुनील बंशीवाल/खबर डिजिटल/ अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष अलका लांबा एवं मध्यप्रदेश महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष रीना बोरासी सेतिया के निर्देशानुसार भोपाल के रोशनपुरा चौराहा पर जिला महिला कांग्रेस कमेटी द्वारा शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया। यह विरोध प्रदर्शन एपस्टीन फाइल्स से जुड़ी उन बेटियों और महिलाओं की रहस्यमयी परिस्थितियों में हुई मौतों के खिलाफ न्याय की मांग को लेकर किया गया।
महिलाओं के सम्मान की बात
महिला कांग्रेस की पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और न्याय के मुद्दे पर किसी भी प्रकार की चुप्पी स्वीकार नहीं की जा सकती। जब तक इन घटनाओं की सच्चाई सामने नहीं आती और दोषियों को कड़ी सजा नहीं मिलती, तब तक महिला कांग्रेस अपनी आवाज़ बुलंद करती रहेगी।
केंद्रीय मंत्री के इस्तीफे की मांग
प्रदर्शन के दौरान एपस्टीन फाइल में नाम आने के बाद केंद्रीय मंत्री हरदीप पुरी के इस्तीफे की मांग भी जोरदार तरीके से उठाई गई। महिला कांग्रेस की कार्यकर्ता काले कपड़े पहनकर सामूहिक रूप से धरने पर बैठीं, जो इस विरोध का प्रतीक रहा।
ये रहीं प्रदर्शन में मौजूद
इस अवसर पर रुपाली शर्मा, फरज़ाना खान, महक राणा, सरोज कामले एवं निधि शर्मा सहित महिला कांग्रेस की अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहीं।


