MP Morning News: राजधानी भोपाल में आज सुबह की बड़ी खबरें सामने आई हैं, जहां अलग-अलग घटनाओं ने शहर की कानून व्यवस्था, सुरक्षा और सामाजिक हालात पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
ऑटो चालक का खतरनाक स्टंट
भोपाल के लेक व्यू पर एक ऑटो चालक का खतरनाक स्टंट करते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इसी इलाके में रोज बड़ी संख्या में लोग घूमने आते हैं, ऐसे में यह स्टंट किसी बड़े हादसे का कारण बन सकता था। फिलहाल ट्रैफिक पुलिस वीडियो में दिख रहे ऑटो और चालक की पहचान करने में जुटी है, हालांकि वीडियो कब का है, इसकी पुष्टि नहीं हो पाई है।
युवतियों का हाई वोल्टेज ड्रामा
वहीं राजधानी में कानून व्यवस्था को लेकर एक और गंभीर मामला सामने आया है। एमपी नगर स्थित ड्रैगन हॉर्स क्लब के बाहर देर रात चार युवतियों के बीच जमकर मारपीट हुई। बताया जा रहा है कि सभी युवतियां नशे में थीं और रात करीब 2:30 बजे सड़क पर हाई वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला। इस झगड़े में एक युवती गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
युवक पर हथियार
इसी बीच शहर में एक हत्या की वारदात ने सनसनी फैला दी है। प्रभात पेट्रोल पंप के पास मामूली विवाद के बाद विजय मेवाड़ा नामक युवक पर धारदार हथियार से हमला किया गया। पेट और छाती में कई वार होने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने उसे हमीदिया हॉस्पिटल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
नाबालिग से दुष्कर्म
इसके अलावा एक बेहद गंभीर और संवेदनशील मामला बागसेवनिया क्षेत्र से सामने आया है, जहां एक नाबालिग के साथ दुष्कर्म की घटना हुई। आरोप है कि कॉलेज एडमिशन के बहाने बुलाकर पीड़िता को शराब पिलाई गई और उसके बाद उसके साथ दुष्कर्म किया गया। पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।
युवा विधायक सम्मलेन आज
राजधानी में इन घटनाओं के बीच आज राजनीतिक गतिविधियां भी तेज हैं। मध्य प्रदेश विधानसभा में युवा विधायकों का सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है, जिसमें मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और राजस्थान के विधायक शामिल हो रहे हैं। कार्यक्रम की शुरुआत फोटो सेशन से हुई और इसका शुभारंभ मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव द्वारा किया जाएगा। इसके बाद मुख्यमंत्री वाराणसी जाकर एमपी-यूपी समिट में भी हिस्सा लेंगे, जहां पर्यटन सर्किट को लेकर महत्वपूर्ण समझौता (MoU) किया जा सकता है।


