Tuesday, November 3, 2026
Homeमध्यप्रदेशकटनीक्लबफुट से जूझ रहे बच्चों के लिए राहत, कटनी जिला अस्पताल में...

क्लबफुट से जूझ रहे बच्चों के लिए राहत, कटनी जिला अस्पताल में लगा निःशुल्क शिविर

खबर डिजिटल न्यूज़ कटनी– जन्म से पैर टेढ़े-मेढ़े होने की समस्या से जूझ रहे बच्चों के लिए जिला चिकित्सालय कटनी में विशेष क्लबफुट शिविर आयोजित किया गया।

शिविर में जिले के अलग-अलग क्षेत्रों से पहुंचे 38 बच्चों की जांच की गई।विशेषज्ञ चिकित्सकों ने जांच के बाद उपचार की आवश्यकता वाले 2 बच्चों का Ponseti तकनीक से प्लास्टर किया।

वहीं उपचार के अगले चरण के लिए 20 बच्चों को निःशुल्क क्लबफुट शूज एवं ब्रेसेज वितरित किए गए।

शिविर में हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. राजेंद्र सिंह ठाकुर एवं डॉ. अभिषेक चौरसिया ने बच्चों की जांच कर अभिभावकों को उपचार की प्रक्रिया और नियमित फॉलोअप के संबंध में जानकारी दी।

चिकित्सकों ने बताया कि क्लबफुट का समय पर उपचार शुरू होने से पैर की विकृति को काफी हद तक ठीक किया जा सकता है।विशेषज्ञों ने अभिभावकों को चेताया कि केवल प्लास्टर लगने के बाद उपचार समाप्त नहीं होता।

डॉक्टर की सलाह के अनुसार ब्रेसेज का नियमित इस्तेमाल और फॉलोअप जरूरी है, ताकि पैर दोबारा टेढ़ा होने की संभावना कम हो।शिविर का आयोजन CMHO डॉ. राज सिंह ठाकुर एवं सिविल सर्जन डॉ. यशवंत वर्मा के मार्गदर्शन में किया गया। RBSK एवं DEIC टीम के साथ स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों ने भी शिविर में सेवाएं दीं।चिकित्सकों ने अभिभावकों से अपील की कि बच्चे के पैर की बनावट असामान्य दिखाई देने पर लापरवाही न बरतें और जल्द से जल्द विशेषज्ञ चिकित्सक से परामर्श लें।

समय पर पहचान और नियमित उपचार से बच्चे को सामान्य रूप से चलने में मदद मिल सकती है।

सम्बंधित ख़बरें

लेटेस्ट