अंतरिक्ष में एलन मस्क की कंपनी SpaceX अब जल्द ही Data Center बनाने जा रही है। SpaceX को अंतरिक्ष में 10 लाख तक सैटेलाइट तैनात करने की मंजूरी मिली है। इन सैटेलाइट की मदद से अब अंतरिक्ष में ही डेटा प्रोसेस किया जा सकेगा।
एक बार फिर अपनी अलग सोच के बलबूते एलन मस्क कुछ ऐसा करने जा रहे हैं, जिसके बारे में शायद ही किसी ने सोचा होगा। अब जमीन पर नहीं, बल्कि अंतरिक्ष में AI Data Center बनाने की तैयारी है। जी हां, एलन मस्क की कंपनी SpaceX को 10 लाख तक सैटेलाइट तैनात करने की मंजूरी मिली है। इन सैटेलाइट की मदद से अंतरिक्ष में ही डेटा प्रोसेस किया जा सकेगा। इसके लिए कंपनी को अमेरिका के Federal Communications Commission (FCC) से बड़ी मंजूरी मिली है। इसके तहत SpaceX को अंतरिक्ष में 10 लाख तक सैटेलाइट तैनात करने की अनुमति दी गई है। इन सैटेलाइट का इस्तेमाल Data Center के तौर पर किया जाएगा।
FCC की मंजूरी से अंतरिक्ष में AI Computing को मिलेगा नया विस्तार
एलन मस्क की कंपनी SpaceX ने अंतरिक्ष में AI Data Center बनाने के लिए अपने Starmind सैटेलाइट नेटवर्क को लेकर यह मंजूरी हासिल की है। अमेरिकी Federal Communications Commission (FCC) ने 25 नवंबर 2026 को SpaceX को Orbital Compute Modules यानी कंप्यूटिंग सैटेलाइट तैनात करने की अनुमति दी है। FCC की यह मंजूरी अंतरिक्ष में बड़े स्तर पर Data Center स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
10 लाख सैटेलाइट पृथ्वी की निचली कक्षा में होंगी तैनात
एलन मस्क की कंपनी SpaceX की योजना इन सैटेलाइट को पृथ्वी की निचली कक्षा (Low Earth Orbit) में तैनात करने की है। ये सभी सैटेलाइट सौर ऊर्जा से संचालित होंगी और अंतरिक्ष में ही बड़े पैमाने पर डेटा प्रोसेसिंग का काम करेंगी।
FCC की शर्तों के अनुसार, कंपनी को नवंबर 2033 तक सैटेलाइट तैनाती की शुरुआत करनी होगी। इसके बाद नवंबर 2035 तक कम से कम 10 प्रतिशत यानी 1 लाख और नवंबर 2038 तक 50 प्रतिशत यानी 5 लाख सैटेलाइट तैनात करने का लक्ष्य रखा गया है। पूरे नेटवर्क की तैनाती के लिए नवंबर 2040 तक का समय निर्धारित किया गया है।
Starmind प्रोजेक्ट से वैज्ञानिकों की चिंता बढ़ी
SpaceX के इस बड़े प्रोजेक्ट को लेकर कुछ वैज्ञानिकों और विशेषज्ञों ने चिंता जताई है। American Astronomical Society (AAS) सहित कुछ वैज्ञानिकों का कहना है कि जब अंतरिक्ष में इतनी बड़ी संख्या में सैटेलाइट तैनात होंगी, तो इसका असर रात के आकाश और खगोलीय अवलोकन पर पड़ सकता है।
इसके अलावा विशेषज्ञों ने लाखों सैटेलाइट के संचालन, उनसे निकलने वाली गर्मी को बाहर निकालने की व्यवस्था और इतनी बड़ी संख्या में सैटेलाइट को अंतरिक्ष में भेजने की लागत को लेकर भी सवाल उठाए हैं। उनका मानना है कि इस तरह की परियोजना से अंतरिक्ष में भीड़ बढ़ सकती है और पर्यावरण तथा अंतरिक्ष के संतुलन पर भी प्रभाव पड़ सकता है।









