खबर डिजिटल न्यूज़ कटनी, वन्यजीवों के अवैध शिकार और उनके मांस के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। शुक्रवार, 27 नवंबर को मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर विभाग की संयुक्त टीम ने ग्राम नैंगवा में दबिश देकर जंगली सूअर के मांस और शिकार में प्रयुक्त हथियार बरामद किए हैं।
यह पूरी कार्रवाई वनमंडलाधिकारी (DFO) कटनी श्री गर्वित गंगवार के निर्देशन और उपवनमंडलाधिकारी (SDO) कटनी पूर्व के मार्गदर्शन में की गई। वन विभाग को सूचना मिली थी कि ग्राम नैंगवा निवासी रंगलाल सपेरा द्वारा जंगली सूअर का शिकार कर अपने घर पर ही उसका मांस काटकर बेचा जा रहा है। सूचना की पुष्टि होते ही वन विभाग की टीम ने आरोपी के घर पर छापामार कार्रवाई की।
कढ़ाई में पका मांस और फ्रिज में रखा कच्चा मांस बरामद
तलाशी के दौरान टीम को मौके से कढ़ाई में पका हुआ मांस, फ्रिज में छिपाकर रखे गए कच्चे मांस के अवयव और खून से सना हुआ एक धारदार बाका (हथियार) मिला। वन विभाग की टीम ने सभी साक्ष्यों और मांस को विधिवत जब्त कर आगे की कानूनी प्रक्रिया के लिए वन परिक्षेत्र कार्यालय, कटनी लाया है।
संयुक्त टीम ने दिया कार्रवाई को अंजाम
इस दबिश में पहाड़ी और कटनी के वन अधिकारियों व कर्मचारियों की संयुक्त टीम शामिल रही। टीम में मुख्य रूप से वनपाल अनिल कुमार मिश्रा, सुमित सिंह, श्रीमती रंजना कुजूर तथा वनरक्षक कमलेश कुमार लारिया, रोहित मिश्रा, शाश्वत शिवहरे और श्रीमती सविता दुर्वे सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित थे।
वन विभाग के अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में वन्यजीवों के अवैध शिकार और मांस के अवैध व्यापार के खिलाफ लगातार निगरानी रखी जा रही है। इस तरह की गैरकानूनी गतिविधियों में लिप्त पाए जाने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत सख्त वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।









