अखिल भारतीय किरार क्षत्रिय महासभा के जिला मीडिया प्रभारी देवेंद्र ठाकुर ने बताया कि अखिल भारतीय किरार क्षत्रिय महासभा जिला सिवनी के तत्वावधान में आज 11 नवंबर 2026, बुधवार को किरार समाज के प्रतिभावान छात्र-छात्राओं का सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम का आयोजन खैरा पलारी स्थित मंगल भवन में सुबह 10 बजे से किया जाएगा। इसमें शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर समाज का मान-सम्मान एवं गौरव बढ़ाने वाले मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा।
महासभा के जिला अध्यक्ष बृजमोहन पटेल ने बताया कि समाज की प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने एवं उनके उज्ज्वल भविष्य की दिशा में प्रेरित करने के उद्देश्य से यह आयोजन किया जा रहा है। समारोह में शैक्षणिक सत्र 2022-23, 2023-24, 2024-25 एवं 2025-26 के दौरान कक्षा 10वीं एवं 12वीं की वार्षिक परीक्षाओं में 85 प्रतिशत या उससे अधिक अंक अर्जित करने वाले किरार समाज के छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया जाएगा।
इसके साथ ही NEET एवं JEE जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों का भी सम्मान किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान मेधावी विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर उनकी उपलब्धियों का सम्मान किया जाएगा। महासभा का उद्देश्य विद्यार्थियों में शिक्षा के प्रति उत्साह बढ़ाना, नई पीढ़ी को बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करना तथा समाज की शैक्षणिक प्रतिभाओं को उचित मंच प्रदान करना है।निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सुबह 10 बजे से आयोजन प्रारंभ होगा।
सुबह 10:30 बजे से दोपहर 12 बजे तक भोजन की व्यवस्था रहेगी। इसके पश्चात दोपहर 12:30 बजे अतिथियों का स्वागत एवं वंदन गीत प्रस्तुत किया जाएगा। तत्पश्चात जिला अध्यक्ष द्वारा उद्बोधन दिया जाएगा और मेधावी छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। सम्मान समारोह के पश्चात कार्यक्रम का समापन होगा। अखिल भारतीय किरार क्षत्रिय महासभा जिला सिवनी की जिला कार्यकारिणी एवं समस्त सामाजिक बंधुओं ने समाज के लोगों से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।









