भोपाल/खबर डिजिटल/ मध्यप्रदेश में शिक्षा व्यवस्था को लेकर कांग्रेस ने एक बार फिर प्रदेश सरकार और विश्वविद्यालय प्रशासन को घेरा है। मध्यप्रदेश कांग्रेस ने सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा कर भोपाल के बरकतुल्लाह विश्वविद्यालय की परीक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं। पार्टी का आरोप है कि श्यामा प्रसाद मुखर्जी कॉलेज, कोलार के विद्यार्थियों के परीक्षा परिणाम में गंभीर गड़बड़ियां सामने आई हैं। इनमें 65 विद्यार्थियों को डबल जीरो दिए जाने और परीक्षा में शामिल हुई एक छात्रा को अनुपस्थित दर्ज करने का मामला भी शामिल है।
जवाबदेही तय करने की मांग
कांग्रेस के मुताबिक, इस लापरवाही से विद्यार्थियों के भविष्य पर असर पड़ रहा है। मामले को लेकर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव राजकुमार सिंह प्रभावित विद्यार्थियों के साथ बरकतुल्लाह विश्वविद्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने रजिस्ट्रार से मुलाकात कर परीक्षा परिणाम में सामने आई कथित अनियमितताओं की जानकारी दी और पूरे मामले में जवाबदेही तय करने की मांग उठाई।
प्रभावित छात्रों को न्याय दिलाने की मांग
कांग्रेस ने विश्वविद्यालय की परीक्षा प्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि विद्यार्थियों ने परीक्षा दी, इसके बावजूद उन्हें शून्य अंक दिए गए या अनुपस्थित दर्ज कर दिया गया। पार्टी ने इस मामले को गंभीर लापरवाही बताते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन से गलती सुधारने और प्रभावित छात्रों को न्याय दिलाने की मांग की है।
परीक्षा परिणाम की जांच की मांग
कांग्रेस ने मांग की है कि विद्यार्थियों के परीक्षा परिणाम की निष्पक्ष जांच कराई जाए और जिन छात्रों के अंकों या उपस्थिति दर्ज करने में गलती हुई है, उनकी समस्या का जल्द निराकरण किया जाए। हालांकि, विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से इन आरोपों पर आधिकारिक पक्ष सामने आना बाकी है।









