डिंडोरी /खबर डिजिटल /शैलेश नामदेव/ डिंडौरी-जिले के विकासखंड बजाग अंतर्गत ग्राम खमेरा के श्रमिकों ने महाराष्ट्र में मजदूरी कराने वाले ठेकेदार शिवा पर बकाया मजदूरी का भुगतान नहीं करने तथा श्रमिकों के साथ मारपीट किए जाने के गंभीर आरोप लगाए हैं। दीपावली का त्योहार नजदीक होने के कारण श्रमिक अपने परिवारों के बीच घर लौटना चाहते हैं, लेकिन मजदूरी का भुगतान नहीं मिलने से उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम खमेरा के कई श्रमिकों को ठेकेदार शिवा द्वारा काम के सिलसिले में महाराष्ट्र ले जाया गया था। श्रमिकों का आरोप है कि उनसे लगभग एक माह तक काम कराया गया, लेकिन मेहनताना नहीं दिया गया। जब उन्होंने ठेकेदार से भोजन एवं अन्य खर्चों की राशि काटकर शेष मजदूरी देने की मांग की, तो उनके साथ कथित तौर पर मारपीट की गई। इतना ही नहीं, कुछ श्रमिकों को रोककर रखे जाने का भी आरोप लगाया गया है।
श्रमिकों ने अपने आवेदन में बताया कि दीपावली का पर्व सामने है और वे अपने परिवारों के साथ त्योहार मनाने के लिए घर लौटना चाहते हैं। मजदूरी नहीं मिलने और घर वापसी के लिए किराये की व्यवस्था न होने के कारण वे काफी परेशान हैं।
इस संबंध में सभी प्रभावित श्रमिकों ने डिंडौरी विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस विधायक ओमकार सिंह मरकाम से मुलाकात कर लिखित आवेदन सौंपा और ठेकेदार से उनकी बकाया मजदूरी का भुगतान दिलाने की मांग की।
श्रमिकों की पीड़ा सुनने के बाद विधायक ओमकार सिंह मरकाम ने मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए उनकी घर वापसी के लिए किराये की आर्थिक सहायता प्रदान की। साथ ही दीपावली का त्योहार अपने परिवार के साथ मना सकें, इसके लिए भी उन्हें आर्थिक मदद दी।
इस घटनाक्रम ने एक बार फिर दूसरे राज्यों में रोजगार की तलाश में जाने वाले ग्रामीण श्रमिकों की सुरक्षा, समय पर मजदूरी भुगतान और उनके अधिकारों को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब श्रमिकों को उम्मीद है कि संबंधित प्रशासन मामले को संज्ञान में लेकर ठेकेदार के विरुद्ध लगाए गए आरोपों की निष्पक्ष जांच करेगा तथा उनकी मेहनत की बकाया राशि दिलाने के लिए आवश्यक कार्रवाई करेगा।









