भोपाल/खबर डिजिटल/ राजधानी भोपाल की पॉश कॉलोनियों में शुमार गुलमोहर कॉलोनी की तस्वीर इन दिनों बदहाल व्यवस्थाओं और रहवासियों की परेशानियों की कहानी बयां कर रही है। जी-1, जी-2 और जी-3 तीनों सेक्टरों में रहने वाले लोग पार्कों पर कथित अतिक्रमण, सड़क किनारे कब्जों, पेयजल की समस्या, गंदगी और सुरक्षा व्यवस्था की बदहाली से जूझ रहे हैं। जिस कॉलोनी में लोगों को स्वच्छ वातावरण, हरियाली और बेहतर सुविधाएं मिलनी चाहिए, वहां हालात ऐसे बनते जा रहे हैं कि रहवासियों के लिए सामान्य दिनचर्या भी मुश्किल होती जा रही है।
कॉलोनी के तीनों सेक्टरों में करीब सात पार्क हैं, लेकिन रहवासियों का आरोप है कि अधिकांश पार्क अतिक्रमण और अव्यवस्था की भेंट चढ़ चुके हैं। कहीं लोगों ने कब्जा कर रखा है तो कहीं वाहनों की पार्किंग और कबाड़ जमा करने का ठिकाना बना दिया गया है। जी-3 सेक्टर में चार पार्क हैं, जिनमें से तीन के विकास और रखरखाव की स्थिति पर सवाल उठ रहे हैं। रहवासियों के मुताबिक अटल पार्क को छोड़कर अन्य पार्कों में भी सुधार और सौंदर्यीकरण की आवश्यकता है।
कॉलोनी के बीच स्थित पानी की टंकी और संपवेल वाला पार्क भी बदहाली का उदाहरण बन गया है। रहवासियों का कहना है कि यहां पहले बड़े-बड़े पेड़ हुआ करते थे, जिन्हें काट दिया गया। अब इस जगह का इस्तेमाल वाहनों की पार्किंग के लिए किया जा रहा है। लोगों की मांग है कि पार्कों को कब्जे से मुक्त कराकर हरियाली विकसित की जाए। साथ ही पार्कों में शौचालय जैसी बुनियादी सुविधा भी उपलब्ध कराई जाए, ताकि बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को परेशानी न हो।
मुख्य सड़क किनारे अतिक्रमण भी कॉलोनी की बड़ी समस्या बन चुका है। रहवासियों के मुताबिक सड़क पर कब्जों के कारण आवागमन प्रभावित होता है और लोगों को आने-जाने में मुश्किलों का सामना करना पड़ता है।
इधर, सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी रहवासियों में नाराजगी है। उनका दावा है कि तीनों सेक्टरों में एक महीने के भीतर करीब 6 से 7 घरों में चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं। कई गाड़ियां भी चोरी होने की शिकायतें सामने आई हैं। लोगों का आरोप है कि शाहपुरा थाने में कई बार शिकायत करने के बावजूद मामलों में अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। उनका यह भी कहना है कि कॉलोनी में नियमित पुलिस गश्त शुरू नहीं की गई है। सिंचाई परिसर में बनी पुलिस चौकी पर भी 24 घंटे ताला लगे रहने की शिकायत उठाई गई है।
पेयजल और सीवेज व्यवस्था ने भी लोगों की चिंता बढ़ा दी है। रहवासियों के मुताबिक पानी की पाइपलाइन और सीवेज लाइन समानांतर डाली गई हैं। कई जगह सीवेज लाइन चोक होने और नियमित सफाई नहीं होने से गंदे पानी की समस्या सामने आ रही है। लोगों को आशंका है कि दूषित पानी घरों तक पहुंच सकता है। ऐसे में पुरानी पाइपलाइनों की जांच और नियमित सफाई की मांग तेज हो गई है।
पार्कों पर कब्जे को लेकर मुख्यमंत्री हेल्पलाइन तक शिकायतें पहुंचाने के बावजूद रहवासी कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगा रहे हैं। शिशिर दुबे, ललित यादव, इंद्राक्षी अमर और पीसी मालवीय सहित स्थानीय लोगों ने पार्कों को अतिक्रमण मुक्त कराने, सड़कें खाली कराने, पानी और सफाई व्यवस्था सुधारने तथा सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है। अब सवाल यही है कि गुलमोहर कॉलोनी की इन समस्याओं पर जिम्मेदार विभाग कब जागेंगे और रहवासियों को राहत कब मिलेगी?









