भोपाल/खबर डिजिटल/ भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के संबोधन का कथित रूप से एडिट किया गया वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद मध्यप्रदेश की राजनीति में नया विवाद खड़ा हो गया है। इस मामले को लेकर भाजपा ने कांग्रेस के खिलाफ आक्रामक रुख अपनाते हुए कानूनी कार्रवाई की मांग की है। मंगलवार को भाजपा प्रदेश महामंत्री राहुल कोठारी के नेतृत्व में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं का एक प्रतिनिधिमंडल भोपाल स्थित साइबर क्राइम थाने पहुंचा। यहां प्रतिनिधिमंडल ने पूर्व मंत्री एवं कांग्रेस नेता पीसी शर्मा के खिलाफ लिखित शिकायत सौंपकर उनके विरुद्ध आपराधिक प्रकरण दर्ज करने की मांग की।
मूल वीडियो से छेड़छाड़ का आरोप
भाजपा नेताओं का आरोप है कि नितिन नवीन के संबोधन के मूल वीडियो के साथ छेड़छाड़ कर उसे एडिटेड स्वरूप में सोशल मीडिया पर प्रसारित किया गया। पार्टी ने इस तरह के वीडियो को भ्रामक बताते हुए इसके प्रसार पर आपत्ति जताई है। भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस से पूरे मामले की जांच करने, वीडियो की वास्तविकता का पता लगाने और इसे सोशल मीडिया पर प्रसारित करने से जुड़े लोगों की भूमिका की पड़ताल करने की मांग की है।
बीजेपी ने माना गंभीर मामला
भाजपा नेताओं का कहना है कि किसी राजनीतिक नेता के भाषण को कथित तौर पर तोड़-मरोड़कर पेश करना और उसे सोशल मीडिया पर प्रसारित करना गंभीर मामला है। इससे आम लोगों के बीच भ्रम की स्थिति पैदा हो सकती है। पार्टी ने पुलिस से शिकायत पर गंभीरता से कार्रवाई करते हुए संबंधित लोगों के खिलाफ कानूनी कदम उठाने का आग्रह किया है। इस घटनाक्रम के बाद प्रदेश में भाजपा और कांग्रेस के बीच राजनीतिक बयानबाजी तेज होने के आसार हैं।









