भोपाल/खबर डिजिटल/ मध्य प्रदेश के बैतूल की रहने वाली पूर्व सिविल जज प्रखर जैन ने सांसारिक जीवन का त्याग कर जैन साध्वी बनने का रास्ता चुन लिया है। लंदन से उच्च शिक्षा हासिल करने के बाद उन्होंने न्यायिक सेवा में जगह बनाई थी। पिता का सपना था कि बेटी जज बने और प्रखर ने अपनी मेहनत से इस सपने को साकार भी किया। लेकिन न्यायिक सेवा में आने के महज छह महीने बाद ही उन्होंने पद से इस्तीफा दे दिया और वैराग्य का मार्ग अपना लिया।
लंदन से पढ़ाई के बाद बनीं सिविल जज
प्रखर जैन ने लंदन में पढ़ाई पूरी करने के बाद न्यायिक सेवा में प्रवेश किया था। सिविल जज के रूप में चयनित होने के बाद उनकी पहली नियुक्ति भोपाल में हुई। उनके परिवार के लिए यह बड़ी उपलब्धि थी, क्योंकि उनके पिता लंबे समय से बेटी को न्यायाधीश के रूप में देखने का सपना संजोए हुए थे।
अदालत में पारिवारिक विवादों के मामलों ने बदली सोच, भोपाल में रही हैं सिविल जज
भोपाल में न्यायिक जिम्मेदारी संभालने के दौरान प्रखर जैन के सामने बड़ी संख्या में वैवाहिक विवाद और तलाक से जुड़े मामले आए। इन मामलों को देखते हुए उनके मन में रिश्तों और सांसारिक जीवन को लेकर कई सवाल उठने लगे। जिन रिश्तों में लोग सात जन्मों तक साथ निभाने का संकल्प लेते हैं, उनका कुछ महीनों या वर्षों में टूट जाना उन्हें सोचने पर मजबूर करने लगा।
छह महीने की नौकरी के बाद दिया इस्तीफा
लगातार पारिवारिक विवादों के मामलों को देखने के बीच प्रखर जैन का झुकाव आध्यात्मिक जीवन की ओर बढ़ने लगा। आखिरकार उन्होंने न्यायिक सेवा छोड़कर वैराग्य अपनाने का निर्णय लिया। सिविल जज के पद पर करीब छह महीने काम करने के बाद उन्होंने इस्तीफा दे दिया और जैन साध्वी बनने की राह चुन ली। उनका यह फैसला इसलिए भी चर्चा में है, क्योंकि उन्होंने अच्छी शिक्षा और न्यायिक सेवा में प्रतिष्ठित पद हासिल करने के बाद सांसारिक सुख-सुविधाओं के बजाय आध्यात्मिक जीवन को प्राथमिकता दी।









