भोपाल/खबर डिजिटल/ मध्यप्रदेश के करीब 54 लाख छात्रों को सीएम मोहन यादव बड़ी सौगात देने जा रहे हैं। 30 नवम्बर को टीटी नगर, जवाहर चौक भोपाल स्थित आदर्श उच्चतर माध्यमिक विद्यालय (मॉडल स्कूल) में सीएम मोहन यादव गणवेश एवं स्वच्छता किट के लिए राशि का ट्रांजेक्शन करने के साथ शिक्षण प्रशिक्षण संस्थान भवन का वर्चुअल भूमि-पूजन करेंगे। मुख्यमंत्री 53 लाख 81 हजार विद्यार्थियों के खातों में गणवेश के लिए 323 करोड़ रुपये की राशि अंतरित करेंगे।
नि:शुल्क गणवेश योजना का मिलेगा लाभ
संचालक राज्य शिक्षा केंद्र हरजिंदर सिंह ने बताया कि नि:शुल्क गणवेश योजना के अंतर्गत कक्षा 1 से 8 वीं तक के विद्यार्थियों को 2 जोड़ी गणवेश क्रय करने के लिए 600 रुपये प्रति विद्यार्थी देने का प्रावधान है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव कार्यक्रम में योजना के पात्र 53 लाख 81 हजार 597 विद्यार्थियों के बैंक खातों में सिंगल क्लिक से 600-600 रुपये की राशि अंतरित करेंगे। इस प्रकार विद्यार्थियों के खातों में कुल 322 करोड़ 89 लाख 58 हजार 200 रुपये की राशि अंतरित की जाएगी।
19 लाख 40 हजार से अधिक छात्राओं के खातों में अंतरित होंगे 58.20 करोड़ रुपये
मैन्स्ट्रुअल हाइजीन किट फॉर एडोलसेंट गर्ल्स योजना के अंतर्गत कक्षा 7वीं से 12वीं तक की छात्राओं को स्वच्छता किट के लिए 300 रुपये प्रति छात्रा देने का प्रावधान है। योजना के अंतर्गत मुख्यमंत्री डॉ. यादव 19 लाख 40 हजार से अधिक छात्राओं के बैंक खातों में सिंगल क्लिक के माध्यम से 300-300 रुपये की राशि अंतरित करेंगे। इस प्रकार छात्राओं के खातों में कुल लगभग 58 करोड़ 20 लाख रुपये अंतरित किए जाएंगे।
98 करोड़ 11 लाख रुपये की लागत से बनेगा समेकित शिक्षण प्रशिक्षण संस्थान भवन
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव राजधानी भोपाल के मुंगालिया छाप क्षेत्र में 10.40 एकड़ भूमि पर 98 करोड़ 11 लाख रुपये की लागत से बनने वाले समेकित शिक्षण प्रशिक्षण संस्थान भवन का वर्चुअल भूमि-पूजन करेंगे। निर्माण कार्य पूर्ण होने के बाद इस परिसर में स्कूल शिक्षा विभाग के विभिन्न प्रशिक्षण संस्थानों के कार्यालय संचालित होंगे। इनमें राज्य स्तरीय शिक्षक प्रशिक्षण संस्थान, राज्य शैक्षिक प्रबंधन एवं प्रशिक्षण संस्थान तथा राज्य मूल्यांकन केंद्र शामिल हैं।









