उदयपुर/ खबर डिजिटल/ राजस्थान के उदयपुर से एक ऐसी भावुक घटना सामने आई है, जिसने सबके मन को दुखी कर दिया। दरअसल, बेटी की शादी की खुशियां कुछ ही देर में परिवार के लिए गहरे दुख में बदल गईं। बेटी की शादी के संगीत समारोह में पिता नाच रहे थे, तभी अचानक वह जमीन पर गिर पड़े। परिवार के लोग उन्हें तुरंत उदयपुर के अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
बेटी की शादी के संगीत समारोह में नाच रहे थे पिता
जानकारी एवं सोशल मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, 51 वर्षीय शंकरलाल मेघवाल अहमदाबाद में एक निजी कंपनी में ड्राइवर के रूप में काम करते थे। 20 नवंबर को उनकी बेटी प्रियंका की शादी से पहले घर में संगीत समारोह आयोजित किया गया था। खुशी के माहौल में शंकरलाल अपने परिवार के सदस्यों के साथ हँसते-मुस्कुराते, खुशियाँ बाँटते हुए नाच रहे थे। घर में अपनों के बीच खुशी की लहर थी। हर चेहरे पर मुस्कान थी। लेकिन ठीक उसी पल, जब सब खुशी में डूबे हुए थे, अचानक शंकरलाल के सीने में तेज़ दर्द उठा और देखते ही देखते उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई।
परिवार के लोग उन्हें तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने इलाज के दौरान उन्हें मृत घोषित कर दिया। पिता की अचानक मौत ने परिवार के लिए एक ऐसा दुख का पहाड़ खड़ा कर दिया, जिसने हर चेहरे पर शांति छीन ली। हर दिल टूट गया, हर आँख नम हो गई और सबसे कड़वी सच्चाई यह थी कि अगले ही पल बेटी की शादी होनी थी। खुशियों की तैयारियों के बीच मातम छा गया, और परिवार के सामने ऐसी मुश्किल स्थिति पैदा हो गई जिसकी कल्पना भी किसी ने नहीं की थी।
बेटों ने मां और बहन से छिपाई पिता की मौत की खबर
बताया जा रहा है कि शंकरलाल के दोनों बेटों ने अपनी मां और बहन को पिता की मौत की जानकारी नहीं दी। उन्होंने परिवार की महिलाओं से कहा कि पिता आईसीयू में भर्ती हैं और उनका इलाज चल रहा है। बेटों ने यह फैसला इसलिए लिया ताकि बहन की शादी की रस्में पूरी हो सकें और उसके खुशियों भरे दिन पर दुख का साया न रहे।
रात 3 बजे हुई बेटी की शादी, विदाई के बाद मिली खबर
इसी बीच दूल्हे पक्ष के लोग बारात लेकर दरवाज़े पर पहुँच गए। खुशियों का ऐसा अवसर था जिसे टाला नहीं जा सकता था, और परिवार ने भारी मन से, अपने आँसुओं को पीछे छिपाकर, शादी की तैयारियाँ जारी रखीं। रात करीब 3 बजे प्रियंका की शादी पूरी हुई। हर रस्म निभाई गई। फिर बेटी की विदाई के बाद परिवार ने उसे पिता के निधन की जानकारी दी।
इसके बाद शंकरलाल का अंतिम संस्कार हुआ। इस घटना ने पूरे परिवार को गहरे दुख में धकेल दिया। जिस घर में कुछ ही घंटे पहले बेटी की शादी के गीत गूंज रहे थे, वहाँ अब मातम का सन्नाटा छा गया।
यह भी पढ़े - भारत-पाकिस्तान की सरहद नहीं रोक सकी पत्नी-बच्चों से मिलने की चाह, नीलम नदी में डूबने से इरफान की मौत









