इंदौर/खबर डिजिटल/ इंदौर विकास प्राधिकरण (IDA) के अध्यक्ष पद को लेकर भाजपा के भीतर चल रही दावेदारी के बीच राजनीतिक समीकरण लगातार बदलते नजर आ रहे हैं। अध्यक्ष पद की दौड़ में शामिल नेताओं को संगठन और सरकार की ओर से दूसरी जिम्मेदारियां सौंपी जा रही हैं। इसे IDA की कुर्सी के दावेदारों को धीरे-धीरे दूसरी जगह एडजस्ट करने की रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है।
ये नेता हुए बाहर
IDA के दावेदारों को बाहर करने की शुरुआत पूर्व विधायक सुदर्शन गुप्ता को बैतूल जिले का प्रभारी बनाए जाने से हुई। इसके बाद गोपीकृष्ण नेमा को ग्वालियर जिले की जिम्मेदारी सौंप दी गई। अब टीनू जैन को भाजपा प्रदेश सह कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। इन तीनों नेताओं को नई जिम्मेदारियां मिलने के बाद IDA अध्यक्ष पद की दावेदारी को लेकर चर्चाओं का दायरा भी सिमटता दिखाई दे रहा है।
छह-सात दावेदारों से अब तीन नामों पर नजर
कुछ समय पहले तक IDA अध्यक्ष पद के लिए भाजपा के छह से सात नेताओं के नाम राजनीतिक गलियारों में चर्चा में थे। हालांकि, एक के बाद एक नेताओं को संगठनात्मक और अन्य जिम्मेदारियां मिलने के बाद अब करीब तीन प्रमुख दावेदारों के नाम ही चर्चा में बताए जा रहे हैं। लगातार हो रहे इन बदलावों ने भाजपा के राजनीतिक गलियारों में नई बहस छेड़ दी है। सवाल उठ रहे हैं कि क्या संगठन और सरकार जानबूझकर IDA अध्यक्ष पद के दावेदारों को दूसरे पदों पर जिम्मेदारी देकर दौड़ से अलग कर रही है? हालांकि, इसे लेकर संगठन की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
अब अगला नंबर किसका?
सुदर्शन गुप्ता, गोपीकृष्ण नेमा और टीनू जैन को नई जिम्मेदारियां मिलने के बाद अब सबकी निगाहें बाकी बचे दावेदारों पर टिक गई हैं। राजनीतिक चर्चाओं में यह सवाल भी उठ रहा है कि क्या आने वाले दिनों में कुछ और नेताओं को संगठन या सरकार में नई जिम्मेदारी देकर IDA की दौड़ से अलग किया जाएगा? फिलहाल IDA अध्यक्ष पद को लेकर अंतिम तस्वीर सामने नहीं आई है। संगठन और सरकार की ओर से किस नाम पर सहमति बनेगी, यह भी स्पष्ट नहीं है। ऐसे में इंदौर विकास प्राधिकरण की अहम कुर्सी पर किस नेता की ताजपोशी होगी, इसका इंतजार बरकरार है।
अब ये बचे दावेदार
इंदौर विकास प्राधिकरण के दावेदारों में अब सबसे मजबूत नाम हरिनारायण यादव का लिया जा रहा है। उसके बाद अन्य नामों में मुकेश राजावत, अक्षय कांति बम समेत अन्य दावेदार भी शामिल है। जिस पर अंतिम मुहर लगाने का काम सीएम डॉ. मोहन यादव लगाएंगे, जिसको लेकर उनसे नेताओं का मेल-मिलाप का दौर जारी है।









