इंदौर/खबर डिजिटल/ इंदौर की कृष्ण बाग कॉलोनी में मकानों को तोड़ने के बाद मिले मलबे से देशी शराब के हजारों लेबल बरामद होने का मामला सामने आया है। प्लास्टिक के बोरों में बड़ी संख्या में मिले इन लेबलों ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। लेबल पर 'देशी मदिरा प्लेन 50 U.P., 180 ML' लिखा हुआ है। साथ ही सप्लाई क्षेत्र के रूप में धार जिले का नाम दर्ज है।
धार जिले के लेबल?
जानकारी के मुताबिक, इन लेबलों पर निर्माता कंपनी का नाम भी धार जिले का अंकित है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि धार जिले में सप्लाई के लिए निर्धारित शराब के लेबल इंदौर की कृष्ण बाग कॉलोनी तक कैसे पहुंचे? क्या यहां शराब की पैकिंग या इससे जुड़ी कोई अन्य गतिविधि संचालित की जा रही थी? फिलहाल इन सवालों के जवाब सामने नहीं आए हैं।
मीडिया के सामने जलाए गए लेबल?
मामले में एक और चौंकाने वाली बात सामने आई है। बताया जा रहा है कि मीडिया टीम द्वारा मौके पर लेबलों का वीडियो बनाए जाने के बाद वहां मौजूद कुछ लोगों ने कथित तौर पर उनमें आग लगा दी। इस घटनाक्रम के बाद मामले ने और तूल पकड़ लिया है। अब यह मांग उठ रही है कि मलबे से मिले लेबलों के स्रोत, उनके इस्तेमाल और मौके पर उन्हें जलाए जाने की घटना की निष्पक्ष जांच कराई जाए, ताकि पूरे मामले की वास्तविकता सामने आ सके।









