इंदौर/खबर डिजिटल/ शहर में स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने के लिए इंदौर नगर निगम ने मीट और मछली दुकानों के खिलाफ कार्रवाई की है। निगम की मीट अपशिष्ट प्रबंधन टीम ने अलग-अलग क्षेत्रों में दुकानों का निरीक्षण किया। इस दौरान सफाई व्यवस्था और अन्य मानकों में लापरवाही मिलने पर 4 दुकानों को सील कर दिया गया। वहीं, नियमों का पालन नहीं करने वाली दुकानों पर 15 हजार रुपए से अधिक का जुर्माना लगाया गया।
नगर निगम आयुक्त ने दिए निर्देश
नगर निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल के निर्देश पर यह अभियान चलाया गया। अपर आयुक्त प्रखर सिंह ने बताया कि शहर में मीट और मछली की दुकानों पर स्वच्छता व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए नियमित निरीक्षण किया जा रहा है। इसी क्रम में निगम की टीम ने विभिन्न क्षेत्रों में दुकानों की जांच की। निरीक्षण के दौरान सफाई और अन्य व्यवस्थाएं संतोषजनक नहीं मिलने पर चार दुकानों को सील करने की कार्रवाई की गई।
15 हजार से ज्यादा का जुर्माना, एक लाख की वसूली
नगर निगम की टीम ने निरीक्षण के दौरान साफ-सफाई में लापरवाही पाए जाने पर दुकानदारों के खिलाफ चालानी कार्रवाई भी की। इस अभियान में 15 हजार रुपए से अधिक का जुर्माना वसूला गया। इसके अलावा मीट दुकानों पर बकाया मीट अपशिष्ट शुल्क की जांच की गई, जिसमें निगम ने एक लाख रुपए से अधिक की राशि वसूल की।
स्वच्छता नियमों का पालन करने की हिदायत
निगम अधिकारियों के मुताबिक, शहर में मीट और मछली की दुकानों पर स्वच्छता बनाए रखने के लिए निरीक्षण अभियान आगे भी जारी रहेगा। दुकानदारों को सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने और मीट अपशिष्ट का निर्धारित नियमों के अनुसार निपटान करने के निर्देश दिए गए हैं। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी जुर्माने और सीलिंग जैसी कार्रवाई की जाएगी।









