मनीष तिवारी, जबलपुर, खबर डिजिटल। जबलपुर के गोरा बाजार अंतर्गत अनंतारा, तिलहरी क्षेत्र में मकान की रजिस्ट्री को लेकर विवाद अब पुलिस अधीक्षक कार्यालय तक पहुंच गया है। पीड़ित विजेंद्र बातव ने एसपी कार्यालय में लिखित शिकायत देकर मकान खाली कराने के नाम पर कथित धोखाधड़ी, जबरन कब्जे की कोशिश, मारपीट, अभद्रता और धमकी देने के आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है। विजेंद्र के मुताबिक करीब चार महीने पहले उनके छोटे भाई विक्की बाता को पैसों की जरूरत थी। इसी का फायदा उठाकर शशिकांत, दिलीप बिलानी, ओमप्रकाश बहरानी और अमन स्वामी ने एग्रीमेंट के बहाने धोखाधड़ी कर मकान की रजिस्ट्री अपने नाम करा ली। इसके बाद कथित तौर पर कुछ लोगों के साथ घर पहुंचकर ताला तोड़ा गया, सीसीटीवी कैमरे निकालकर ले गए और परिवार की महिलाओं एवं बच्चों के साथ अभद्रता व धक्का-मुक्की की गई। पीड़ित परिवार का आरोप है कि इस दौरान गोराबाजार थाने में पदस्थ आरक्षक संतोष मिश्रा ने उन्हें गांजे के झूठे मामले में फंसाने और पूरे परिवार को लपेटे में लेने की धमकी दी। परिवार का कहना है कि मकान से संबंधित मामला न्यायालय में लंबित है और उन्होंने मौके पर मौजूद लोगों से कोर्ट के आदेश अथवा अन्य वैधानिक दस्तावेज दिखाने की मांग भी की थी, लेकिन कोई कागज नहीं दिखाया गया। पीड़ितों ने स्पष्ट किया कि उनके भाई ने जितनी रकम ली थी, उसे लौटाने के लिए वे तैयार हैं, लेकिन परिवार पर दबाव बनाकर मकान खाली कराने और कथित आपराधिक घटनाओं को लेकर उन्हें न्याय चाहिए। गोराबाजार थाने में सुनवाई नहीं होने का आरोप लगाते हुए परिवार ने एसपी कार्यालय पहुंचकर शिकायत सौंपी। वहीं, सीएसपी अखिलेश गौर ने कहा है कि प्राप्त आवेदन की जांच की जाएगी और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।










