खबर डिजिटल न्यूज़ कटनी- कानून के हाथ बहुत लंबे होते हैं यह कहावत कटनी पुलिस ने उस वक्त सच कर दिखाई जब बरगवां स्थित 'किसना डायमंड शोरूम' में हुई 15 करोड़ की सनसनीखेज चोरी के आरोपियों को प्रयागराज से दबोच लिया गया। लेकिन, सिक्के का दूसरा पहलू कटनी पुलिस की इसी 'तत्परता' और 'मुखबिर तंत्र' को कटघरे में खड़ा कर रहा है। एक तरफ चोर पकड़कर पीठ थपथपाई जा रही है, तो दूसरी तरफ अपने ही महकमे की एक पूर्व अधिकारी को गिरफ्तार करने में पुलिस के हाथ-पांव फूलते नजर आ रहे हैं।
चोर सलाखों के पीछे, पर 15 करोड़ का सोना कहां गया?
शहर के सबसे बड़े ज्वेलरी शोरूम की दीवार काटकर 15 करोड़ के आभूषण उड़ाने वाले आरोपी तो पुलिस की गिरफ्त में आ गए, लेकिन असली सवाल अब भी वहीं खड़ा है—आखिर करोड़ों का वह माल गया कहां? बिना बरामदगी के खुलासे पर अब आम जनता के बीच तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। लोग दबी जुबान में यह सवाल भी उठा रहे हैं कि क्या यह वाकई कोई बड़ी वारदात थी या इसके पीछे कोई और कहानी छिपी है?
3 महीने, 30 हजार का इनाम और 'गायब' पूर्व CSP
पुलिस की कार्यशैली पर सबसे बड़ा दाग पूर्व नगर पुलिस अधीक्षक (CSP) नेहा पच्चीसिया की फरारी से लग रहा है। गंभीर आरोपों में घिरीं पूर्व CSP को फरार हुए करीब 3 महीने बीत चुके हैं। हालत यह है कि खुद पुलिस अधीक्षक को उनकी गिरफ्तारी पर 30,000 रुपये का इनाम घोषित करना पड़ा, लेकिन नतीजा अब भी सिफर है।
कटनी की जनता पूछ रही है ये 3 तीखे सवाल:
• मुखबिर तंत्र किसके लिए काम कर रहा है? जो पुलिस दूसरे राज्य (प्रयागराज) से शातिर अपराधियों को ढूंढ निकालती है, वह अपने ही विभाग की एक अधिकारी की लोकेशन 90 दिनों में भी क्यों नहीं ट्रेस कर पाई?
• खाकी का 'सॉफ्ट कॉर्नर' या कोई दबाव? क्या पूर्व CSP को गिरफ्तार न कर पाना पुलिस की नाकामी है, या फिर महकमे के ही किसी अदृश्य दबाव में जानबूझकर ढील बरती जा रही है?
• जांच की असली दिशा क्या है? एक तरफ करोड़ों के गायब सोने की गुत्थी और दूसरी तरफ इनामी अफसर की फरारी—आखिर इन दोनों मामलों में सच सामने कब आएगा?
फिलहाल, कटनी पुलिस की इस 'दोहरी कार्यप्रणाली' ने पूरे जिले में बहस छेड़ दी है। अब देखना दिलचस्प होगा कि खाकी अपने दामन पर लग रहे इन सवालों का जवाब ठोस कार्रवाई से देती है या ये मामले भी वक्त की धूल में दबकर रह जाएंगे।









