सोनू श्रीवास्तव, खबर डिजिटल, गुना। जिले में स्वास्थ्य सेवाओं की निगरानी और आम नागरिकों को सुरक्षित उपचार उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी संभालने वाला स्वास्थ्य विभाग आखिर कर क्या रहा है? यह सवाल इसलिए उठ रहा है, क्योंकि जिले में कथित रूप से झोलाछाप डॉक्टरों का जाल तेजी से फैलता जा रहा है। जिले में करीब 1500 ऐसे क्लीनिक संचालित होने का दावा किया जा रहा है, जहां उपचार करने वालों की शैक्षणिक योग्यता, मेडिकल डिग्री और वैधानिक पंजीयन को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। हालात ऐसे बताए जा रहे हैं कि किसी अनुभवी व्यक्ति से इंजेक्शन लगाने और ग्लूकोज चढ़ाने की कुछ समय की ट्रेनिंग मिल जाए तो कोई भी व्यक्ति खुद को डॉक्टर बताकर मरीजों का उपचार करने लगता है।
मरीज को बुखार हो, सर्दी-जुकाम हो, पेट दर्द हो या कोई गंभीर बीमारी, ऐसे कथित चिकित्सकों के यहां हर मर्ज का इलाज मिलने का दावा किया जाता है। लेकिन सबसे बड़ा सवाल यह है कि जिन लोगों के पास विधिवत चिकित्सा शिक्षा और आवश्यक पंजीयन नहीं है, वे आखिर किस अधिकार से मरीजों का उपचार कर रहे हैं? क्या किसी को इंजेक्शन लगाना या ग्लूकोज की बोतल चढ़ाना आ जाना ही डॉक्टर बनने के लिए पर्याप्त है? यदि नहीं, तो फिर ऐसे लोगों पर स्वास्थ्य विभाग की कार्रवाई दिखाई क्यों नहीं देती?


नानाखेड़ी में दो क्लीनिकों पर उठे सवाल
इस पूरे मामले की पड़ताल के दौरान दिनांक 21 नवंबर 2026 को गुना के नानाखेड़ी वार्ड क्रमांक-1 में संचालित दो क्लीनिक सामने आए। इनमें पहला क्लीनिक वैष्णव क्लीनिक है, जिसे क्षेत्र में 'इमली वाले डॉक्टर' के नाम से भी जाना जाता है। इसका संचालन सुनील बैरागी द्वारा किया जाता है। वहीं दूसरा क्लीनिक श्री कृष्णा क्लीनिक के नाम से संचालित है, जिसके संचालक आर.एस. गुर्जर बताए जा रहे हैं।
इन दोनों क्लीनिकों में उपचार करने वाले व्यक्तियों की डिग्री, मेडिकल पंजीयन और क्लीनिक संचालन की वैधानिक अनुमति को लेकर सवाल उठ रहे हैं। हालांकि इनकी शैक्षणिक योग्यता और पंजीयन की स्थिति की आधिकारिक पुष्टि स्वास्थ्य विभाग द्वारा किया जाना अभी बाकी है।
डॉक्टर साहब बाजार गए हैं, क्लीनिक पर मिला दूसरा व्यक्ति
जब मीडिया टीम वैष्णव क्लीनिक पहुंची तो वहां संचालक सुनील बैरागी मौजूद नहीं थे। उनकी जगह एक अन्य युवक क्लीनिक में बैठा हुआ मिला। मीडिया टीम ने जब उससे डॉक्टर साहब के बारे में पूछा तो उसका जवाब था कि डॉक्टर साहब बाजार गए हैं।
अब सवाल यह है कि यदि क्लीनिक पर डॉक्टर की अनुपस्थिति में कोई दूसरा व्यक्ति बैठा है तो क्या वह मरीजों को भी देखता है? क्या उसे चिकित्सा संबंधी कोई योग्यता प्राप्त है? क्या क्लीनिक पर मरीजों की जांच और उपचार के लिए कोई प्रशिक्षित एवं पंजीकृत चिकित्सक उपलब्ध रहता है? इन सवालों का जवाब संबंधित संचालक और स्वास्थ्य विभाग को देना चाहिए।
आर.एस. गुर्जर ने मीडिया से ही पूछ लिया- आप कैसे कर रहे हैं?
दूसरी ओर श्री कृष्णा क्लीनिक पहुंचे मीडिया प्रतिनिधियों को संचालक आर.एस. गुर्जर ने सवालों के जवाब देने के बजाय यह कहते हुए सवाल खड़ा कर दिया कि यह काम स्वास्थ्य विभाग का है, आप कैसे कर रहे हैं? इसके बाद उन्होंने मीडिया टीम की बात डॉक्टर अनुराग जैन से फोन पर करवाई। बताया गया कि बातचीत के बाद भी आर.एस. गुर्जर ने मीडिया को अपना पक्ष नहीं दिया।
बहरहाल, मीडिया के सवालों का जवाब देना या नहीं देना उनकी व्यक्तिगत इच्छा हो सकती है, लेकिन क्लीनिक में उपचार की वैधानिकता, चिकित्सकीय योग्यता और मरीजों की सुरक्षा से जुड़े सवालों का जवाब संबंधित जिम्मेदार विभाग को देना ही होगा।
स्वास्थ्य विभाग की जानकारी में मामला, फिर कार्रवाई कहां?
इस पूरे प्रकरण में सबसे महत्वपूर्ण सवाल स्वास्थ्य विभाग की भूमिका को लेकर उठ रहा है। जब जिले में कथित रूप से बिना वैध चिकित्सकीय योग्यता और पंजीयन के क्लीनिक संचालित होने की शिकायतें सामने आ रही हैं, तो विभाग द्वारा इनकी जांच के लिए क्या कदम उठाए जा रहे हैं? क्या जिले में संचालित ऐसे सभी क्लीनिकों का सर्वे कराया गया है? क्या इनके संचालकों की डिग्री, पंजीयन और उपचार संबंधी दस्तावेजों की जांच हुई है?
मामले में डॉक्टर अनुराग जैन का नाम भी सामने आया है। ऐसे में विभाग को स्पष्ट करना चाहिए कि संबंधित क्लीनिकों की जानकारी उसे कब मिली और अब तक क्या जांच या कार्रवाई की गई है। यदि विभाग को अनियमितताओं की जानकारी होने के बावजूद जांच नहीं की गई है, तो यह भी जांच का विषय है। हालांकि किसी अधिकारी या क्लीनिक संचालक की मिलीभगत के आरोपों की पुष्टि बिना जांच के नहीं की जा सकती।
मरीज की जान से बड़ा आखिर कौन सा कारोबार?
सबसे चिंताजनक स्थिति उन गरीब और ग्रामीण मरीजों की है, जो कम खर्च में इलाज की उम्मीद लेकर ऐसे क्लीनिकों तक पहुंचते हैं। उन्हें शायद यह जानकारी भी नहीं होती कि उनका उपचार करने वाले व्यक्ति के पास मान्यता प्राप्त मेडिकल डिग्री है या नहीं। गलत दवा, गलत इंजेक्शन, बिना चिकित्सकीय निगरानी के ग्लूकोज चढ़ाना या बीमारी की सही पहचान किए बिना उपचार करना मरीजों के लिए गंभीर खतरा बन सकता है।
यदि किसी मरीज की तबीयत बिगड़ती है या उपचार के दौरान कोई अनहोनी हो जाती है, तो इसकी जिम्मेदारी कौन लेगा? क्या ऐसे क्लीनिकों के पास मरीजों के उपचार का कोई रिकॉर्ड होता है? क्या आपातकालीन स्थिति में मरीज को उचित अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था है? इन सवालों पर भी जांच जरूरी है।
अब कार्रवाई का इंतजार, या फिर चलेगा सब कुछ ऐसे ही?
गुना जिले में कथित रूप से संचालित झोलाछाप क्लीनिकों का मामला केवल दो संस्थानों तक सीमित नहीं माना जा सकता। यदि करीब 1500 क्लीनिकों के संचालन संबंधी दावा सही है, तो यह स्वास्थ्य व्यवस्था के लिए गंभीर चिंता का विषय है। स्वास्थ्य विभाग को जिलेभर में अभियान चलाकर क्लीनिकों का सर्वे, संचालकों की शैक्षणिक योग्यता, मेडिकल पंजीयन और आवश्यक अनुमतियों की जांच करनी चाहिए।
इसी तरह गुना में स्थित मेडिकल स्टोरों की भी जांच होना चाहिए क्योंकि प्राप्त जानकारी गुना में मेडिकलों की संख्या लगभग 2000 है। इसमें प्राप्त जानकारी अनुसार सिर्फ 80 संचालकों के पास ही बी फार्मा, डी फार्मा के लाइसेंस उपलब्ध हैं।
वहीं एक ताजा मामला गुना के शिवाजी नगर में स्थित मेडिकल मां पीताम्बरा मेडिकल स्टोर का सामने आया है। इस मामले में संचालक विश्वास कुशवाह का कहना है कि मेरे पास इस संबंध में लाइसेंस उपलब्ध है और में दवाईयों की होलसेल का काम करता हूं।
वहीं इस मामले में यदि मेडिकल संचालक के पास लाइसेंस उपलब्ध भी उपलब्ध है और वो लाइसेंस सिर्फ होलसेल के लिए है तो इन्हें सिर्फ बल्क में ही लाइसेंसधारी को ही अपनी दवाइयां विक्रय करने का अधिकार है, ये रिटेल में अपनी दवाइयों की सेल नहीं कर सकते। लेकिन यहां मामला दूसरा है इनके द्वारा रिटेल में तो दवाइयां दी जाती हैं जैसी कि जानकारी सूत्रों से प्राप्त हुई है। वहीं उनके द्वारा बिना किसी डिग्री के नानाखेड़ी के समीप स्थित पिपरौदा खुर्द में एक क्लीनिक भी संचालित की जा रही है।









