भोपाल/खबर डिजिटल/ मध्यप्रदेश में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका की भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह से ऑनलाइन कर दी गयी है। यहां विज्ञापन से लेकर नियुक्ति तक की पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन की गई। अब तक 22 हजार से अधिक पदों पर नियुक्ति की कार्रवाई की जा चुकी है।
ऑनलाइन भर्ती कराने में मध्यप्रदेश बना देश का पहला राज्य
आयुक्त, महिला एवं बाल विकास संदीप जी.आर. ने बताया कि ऑनलाइन पोर्टल 'चयन' के माध्यम से अब तक 22 हजार से अधिक पदों पर नियुक्ति की कार्रवाई की जा चुकी है। मध्यप्रदेश देश का पहला राज्य है, जहाँ आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं की भर्ती में विज्ञापन से लेकर नियुक्ति तक की संपूर्ण प्रक्रिया ऑनलाइन की गई है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 20 नवम्बर 2024 को ऑनलाइन पोर्टल 'चयन' का शुभारंभ किया था। इसके बाद 23 मई 2025 को नवीन नियुक्ति निर्देश तथा 3 जून 2025 को ऑनलाइन भर्ती संबंधी निर्देश जारी किए गए।
तीन चरणों में 26,819 पदों पर भर्ती
मिली जानकारी के अनुसार एमपी में जून 2025 में प्रथम चरण में 19,504, दिसम्बर 2025 में द्वितीय चरण में 4,767 तथा जून 2026 में तृतीय चरण में 2,548 पदों के लिए भर्ती प्रक्रिया प्रारंभ की गई।
तीनों चरणों में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता के 4,381 तथा सहायिका के 22,438 सहित कुल 26,819 पदों पर भर्ती की कार्रवाई की गई। इनमें से 22 हजार से अधिक पदों पर नियुक्ति की कार्रवाई पूरी हो चुकी है, जबकि शेष पदों पर प्रक्रिया जारी है।
घर बैठे आवेदन, दो माह में भर्ती
ऑनलाइन पोर्टल 'चयन' के माध्यम से अभ्यर्थी मोबाइल, कंप्यूटर अथवा एमपी ऑनलाइन कियोस्क से आवेदन कर सकती हैं। इसके लिए किसी सरकारी कार्यालय जाने की आवश्यकता नहीं है। आवेदन में त्रुटि होने पर संशोधन की सुविधा भी उपलब्ध है। अभ्यर्थी मेरिट सूची, चयन के प्रत्येक चरण और नियुक्ति की स्थिति स्वयं पोर्टल पर देख सकती हैं। संपूर्ण भर्ती प्रक्रिया लगभग दो माह में पूर्ण करने का प्रावधान किया गया है।
शिकायतों में आई कमी
ऑनलाइन भर्ती प्रक्रिया से दस्तावेजों एवं अंकों में किसी भी प्रकार से परिवर्तन की संभावनाओं पर अंकुश लगा है। पूर्व की ऑफलाइन प्रक्रिया में आवेदन प्राप्त नहीं होने, दस्तावेज बदलने, चयन समितियों की बैठक में विलंब जैसी शिकायतें सामने आती थीं। डिजिटल पोर्टल 'चयन' से इन शिकायतों में कमी आई है। साथ ही प्रशासनिक कार्यभार कम होने के साथ जवाबदेही भी बढ़ी है।
पद रिक्त होने से पहले शुरू हो सकेगी भर्ती प्रक्रिया
आयुक्त संदीप ने बताया कि ऑनलाइन चयन प्रणाली की महत्वपूर्ण विशेषता यह है कि आगामी छह माह में संभावित रिक्त होने वाले पदों के लिए भी अग्रिम रूप से भर्ती प्रक्रिया प्रारंभ की जा सकती है। इससे आंगनवाड़ी केंद्रों में लंबे समय तक पद रिक्त रहने की समस्या दूर करने में मदद मिलेगी तथा बच्चों और महिलाओं को पोषण, स्वास्थ्य एवं प्रारंभिक बाल्यावस्था शिक्षा संबंधी सेवाओं की निरंतर उपलब्धता सुनिश्चित करने में सहायता मिलेगी।
आयुक्त, महिला एवं बाल विकास संदीप जी.आर. ने बताया कि यह डिजिटल नवाचार महिलाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के साथ आंगनवाड़ी सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। अभ्यर्थी चयन पोर्टल https://chayan.mponline.gov.in/ के माध्यम से 100 रुपये एवं जीएसटी शुल्क के साथ आवेदन कर सकती हैं।








