भोपाल/खबर डिजिटल/ मध्यप्रदेश की सियासत में नित-नए बदलाव देखने को मिल रहे हैं। बीजेपी नेताओं के बीच टसल की खबरें समय-समय पर सामने आती रही है। कभी कोई मंत्री कैबिनेट की महत्वपूर्ण बैठक तक में नजर नहीं आता, तो कई बार फोटो सेशन से कई मंत्री दिखाई नहीं देते। नेताओं के बीच मेल-मिलाप की खबरें भी सोशल मीडिया समेत खबरों की सुर्खियां बिखेर देती है। एक नेता दिल्ली पहुंचता है तो दूसरा भी वहीं पर पहुंच जाता है। एक साथ मिलने की बजाय अलग-अलग मिलने की फोटो साझा की जाती है। इसी बीच एक फोटो ने सियासी पारा फिर हाई कर दिया है।
तीन ओबीसी नेता एक साथ
मध्यप्रदेश की सियासत में एक बार फिर एक फोटो ने गर्माहट ला दी है। इन तस्वीरों में केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, मध्यप्रदेश सरकार के दो वरिष्ठ मंत्री प्रहलाद पटेल और एंदल सिंह कंसाना नजर आ रहे हैं। इनकी मुलाकात एक साथ होना, आने वाले सियासी समीकरणों के लिए बेहद ही खास संदेश की तरफ इशारा करता है, क्योंकि शिवराज सिंह चौहान किरार, डॉ. मोहन यादव अहिर-यादव, प्रहलाद पटेल लोधी, एंदल सिंह कंसाना गुर्जर जाति से आते हैं, और चारों ओबीसी वर्ग से ताल्लुक रखते हैं।
तीनों नेताओं के बीच एक बात और खास
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, मध्यप्रदेश सरकार के दो वरिष्ठ मंत्री प्रहलाद पटेल और एंदल सिंह कंसाना के बीच एक बात और भी खास है, कि शिवराज सिंह चौहान मध्यक्षेत्र-नर्मदापुरम, डॉ. मोहन यादव मालवा, प्रहलाद पटेल बुंदेलखंड, एंदल सिंह कंसाना ग्वालियर-चंबल अंचल का प्रतिनिधित्व करते हैं। जिसको लेकर चार अलग-अलग इलाकों के इन नेताओं के बीच मुलाकात की बात का खुलासा होने के लिए सियासी जानकारी टकटकी लगाए बैठे हैं।
मुलाकात के क्या मायने
मध्यप्रदेश में ओबीसी वर्ग की जनसंख्या सर्वाधिक करीब 52 प्रतिशत है। उनमें भी इन चारों नेताओं की जाति की जनसंख्या सर्वाधिक है। यदि चारों नेता एक साथ मिलकर कोई रणनीति पर काम करते हैं, तो बीजेपी में वो एक राय बनाने में आसान होगा, जिसमें शिवराज सिंह चौहान तो सालों तक प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे, प्रहलाद पटेल पू्र्व सीएम उमा भारती के कट्टर समर्थक है, इसी तरह एंदल सिंह कंसाना केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के सिपहसालार है, तो वर्तमान में प्रदेश की कमान डॉ. मोहन यादव के हाथ है। जिसके चलते इन नेताओं की मुलाकात और चर्चा की आधिकारिक जानकारी के सामने आने का बेसब्री से इंतजार रहेगा।









