मध्य प्रदेश भाजपा ने 2028 के विधानसभा चुनाव की तैयारी अभी से तेज कर दी है. पार्टी ने फैसला किया है कि राज्य की सभी 230 विधानसभा सीटों पर एक-एक फुल-टाइम कार्यकर्ता तैनात किया जाएगा. इनका मुख्य काम संगठन की गतिविधियों पर नजर रखना और समय-समय पर होने वाली समीक्षाओं की निगरानी करना होगा. दरअसल, चुनाव से पहले पार्टी अपने जमीनी नेटवर्क को मजबूत करने और जिला इकाइयों, विभिन्न प्रकोष्ठों व मोर्चों में लंबे समय से खाली पड़े पदों को भरने की कवायद में जुटी है.
भोपाल स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में हुई संगठनात्मक बैठकों के बाद मीडिया से बात करते हुए खंडेलवाल ने इस योजना की जानकारी दी. उन्होंने बताया कि बैठक में हर विधानसभा क्षेत्र में एक पूर्णकालिक कार्यकर्ता नियुक्त करने के प्रस्ताव पर विचार किया गया, जो वहां की सभी समीक्षा बैठकों की देखरेख करेगा. इस अहम बैठक की अध्यक्षता राष्ट्रीय सह-संगठन महामंत्री शिवप्रकाश, खंडेलवाल और प्रदेश संगठन महामंत्री चंद्रशेखर तिवारी ने की.
खंडेलवाल के मुताबिक, बुधवार को हुई बैठक इसका दूसरा चरण थी, जिसमें प्रदेश स्तर के पदाधिकारी और संभाग प्रभारी मौजूद रहे. इसके साथ ही जिला प्रभारियों और जिला अध्यक्षों के साथ भी अलग से मंथन किया गया. इस दौरान पार्टी के पिछले कार्यक्रमों का लेखा-जोखा देखा गया और आगे की रणनीति तय की गई. उन्होंने साफ किया कि बैठकों का यह सिलसिला अगले दिन भी जारी रहेगा, जहां जिलों के अलग-अलग मोर्चों और प्रकोष्ठों में खाली पदों पर नियुक्तियों को लेकर अंतिम चर्चा होगी.
दिवाली के बाद शुरू हुई इस मुहिम का मकसद संगठन के अधूरे ढांचे को पूरा करना है. सभी जिला प्रभारियों से कहा गया है कि वे अपने-अपने जिलों में मोर्चा अध्यक्षों और प्रकोष्ठ संयोजकों के खाली पदों की पूरी सूची साथ लेकर आएं. इसके अलावा, हर जिले से ऐसे चार सक्रिय नेताओं के नाम भी मांगे गए हैं, जिन्हें प्रदेश कार्यसमिति या कोर कमेटी में जगह दी जा सके.
बैठक में जिला कार्यसमितियों के विस्तार पर भी खास जोर दिया गया. इससे पहले 23 अक्टूबर को खंडेलवाल ने 106 सदस्यों वाली प्रदेश कार्यसमिति और 41 स्थायी आमंत्रित सदस्यों की सूची जारी की थी. पार्टी की नजर 2027 में होने वाले पंचायत और नगरीय निकाय चुनावों पर भी है, जिसके लिए बूथ और मंडल स्तर तक संगठन को कसा जा रहा है.
राजनीतिक रूप से यह कवायद बेहद अहम मानी जा रही है, क्योंकि 2028 में सत्ता बरकरार रखने के लिए भाजपा जहां अपनी जमीन मजबूत कर रही है, वहीं कांग्रेस भी वापसी की कोशिश में लगी है. गौरतलब है कि 2023 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने 230 में से 163 सीटें जीतकर बड़ी जीत दर्ज की थी, जबकि कांग्रेस 66 सीटों पर सिमट गई थी.









