खंडवा/खबर डिजिटल/ मध्यप्रदेश कांग्रेस में अंदरूनी खींचतान का एक वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। खंडवा दौरे पर पहुंचे पूर्व मंत्री जयवर्धन सिंह के सामने ही पार्टी के एक पूर्व विधायक ने टिकट को लेकर ऐसी बात कह दी कि वहां मौजूद लोग हंसने लगे। पूर्व विधायक ने साफ शब्दों में कहा कि अगर उन्हें चुनाव में टिकट नहीं दिया गया तो वे कांग्रेस को फिर से चुनाव हरवा देंगे। हालांकि, सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो को पुराना बताया जा रहा है। इसकी वास्तविक तारीख को लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है।
2028 विधानसभा चुनाव से पहले शुरू हुई सियासी हलचल
मध्यप्रदेश में अगला विधानसभा चुनाव वर्ष 2028 में प्रस्तावित है। चुनाव में अभी समय होने के बावजूद राजनीतिक दलों ने अपनी तैयारियां शुरू कर दी हैं। कांग्रेस नेता भी संगठन को मजबूत करने और कार्यकर्ताओं से संवाद बढ़ाने के लिए जिलों का दौरा कर रहे हैं। इसी सिलसिले में पूर्व मंत्री जयवर्धन सिंह खंडवा पहुंचे थे, जहां वे पार्टी कार्यकर्ताओं और स्थानीय नेताओं से मुलाकात कर रहे थे।
पूर्व विधायक ने जयवर्धन सिंह के सामने रखी अपनी बात
इसी दौरान खंडवा जिले के पूर्व विधायक राजनारायण सिंह ने जयवर्धन सिंह से बातचीत करते हुए टिकट को लेकर अपनी नाराजगी जाहिर की। बातचीत के दौरान उन्होंने पहले फोटो खींचने की बात कही। इसके बाद जयवर्धन सिंह से कहा, 'हम तो आपको बोलकर जा रहे हैं, या तो आप टिकट दे देना, नहीं तो हम फिर से कांग्रेस को चुनाव हरवा देंगे।' पूर्व विधायक की यह बात सुनकर जयवर्धन सिंह भी हंसने लगे। इस पर राजनारायण सिंह ने अपनी बात दोहराते हुए कहा कि यह तय है। बातचीत का यह हिस्सा अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है और इसे लेकर राजनीतिक चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
पुराने वीडियो को लेकर भी उठ रहे सवाल
हालांकि, वायरल वीडियो की तारीख और इसके वास्तविक संदर्भ की पुष्टि नहीं हुई है। सोशल मीडिया पर कुछ यूजर्स दावा कर रहे हैं कि यह वीडियो हालिया खंडवा दौरे का नहीं, बल्कि काफी पुराना है, जिसे अब दोबारा साझा किया जा रहा है। ऐसे में वीडियो के आधार पर इसे कांग्रेस की मौजूदा राजनीतिक स्थिति से जोड़ना फिलहाल उचित नहीं होगा।









