चंडीगढ़/खबर डिजिटल/ हरियाणवी डांसर और सिंगर सपना चौधरी एक बार फिर अपनी निजी जिंदगी को लेकर सुर्खियों में हैं। खबरों के मुताबिक, सपना चौधरी ने अपने पति और गायक-अभिनेता वीर साहू से करीब छह साल की शादी के बाद अलग होने और तलाक की अर्जी दाखिल करने की बात कही है। प्रतिष्ठित मीडिया संस्थान को दिए एक इंटरव्यू में सपना ने अपने वैवाहिक रिश्ते में आए उतार-चढ़ाव और अलगाव की वजहों पर अपनी बात रखी।
रिश्ते में सब कुछ ठीक नहीं रहा तो लिया अलग होने का फैसला
इंटरव्यू के दौरान सपना चौधरी ने कहा कि जब तक उनके रिश्ते में सब कुछ अच्छा चल रहा था, तब तक दोनों साथ थे। लेकिन समय के साथ परिस्थितियां बदल गईं और जब रिश्ता सामान्य नहीं रहा तो उन्होंने अलग होने का निर्णय लिया। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि उनकी शादी में क्या हुआ और किन परिस्थितियों में यह स्थिति बनी, इसकी पूरी जानकारी केवल उन्हें और वीर साहू को ही है। किसी बाहरी व्यक्ति को उनके निजी रिश्ते पर टिप्पणी करने का अधिकार नहीं है।
शादी और परिवार की जिम्मेदारियों के बीच करियर पर नहीं दे पाईं ध्यान
सपना ने अपनी जिंदगी के उस दौर का भी जिक्र किया, जब बिग बॉस में आने के बाद उनकी लोकप्रियता काफी बढ़ गई थी। इसी दौरान उनकी शादी हुई और धीरे-धीरे पत्नी, मां तथा बहू के रूप में परिवार की जिम्मेदारियां भी बढ़ती गईं। सपना के मुताबिक, इन जिम्मेदारियों को निभाने के दौरान वह अपनी व्यक्तिगत पहचान और करियर पर उतना ध्यान नहीं दे पाईं, जितना देना चाहती थीं।
दूसरी शादी को लेकर क्या बोलीं सपना चौधरी?
दूसरी शादी के सवाल पर सपना चौधरी ने फिलहाल किसी तरह की योजना से इनकार किया। उन्होंने कहा कि वह काफी भावुक स्वभाव की हैं और किसी से प्यार करती हैं तो पूरी गहराई से करती हैं। हालांकि, भविष्य में अगर उन्हें कोई सही जीवनसाथी मिलता है तो वह इस बारे में सोच सकती हैं। फिलहाल उनकी प्राथमिकता खुद पर ध्यान देना और अपनी जिंदगी को आगे बढ़ाना है।
दो बच्चों के माता-पिता हैं सपना और वीर साहू
बता दें कि सपना चौधरी और वीर साहू की शादी करीब छह साल पहले हुई थी। दोनों के दो बच्चे हैं। सपना हरियाणवी म्यूजिक इंडस्ट्री का जाना-पहचाना नाम हैं और अपने डांस तथा गानों के जरिए देशभर में लोकप्रियता हासिल कर चुकी हैं। अब उनके वैवाहिक जीवन को लेकर सामने आई खबरों ने एक बार फिर उन्हें चर्चा में ला दिया है।








