नीमच/सिंगोली। सिंगोली कस्बे के जैन मंदिर में हुई चोरी की वारदात का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी गई नकदी और चांदी की सामग्री बरामद करने के साथ ही 60 लीटर अवैध जहरीली शराब तथा वारदात में प्रयुक्त मारुति सुजुकी ओम्नी कार भी जब्त की है। पूछताछ में आरोपियों द्वारा पूर्व में एक अन्य मंदिर में भी चोरी की वारदात करना स्वीकार किया गया है।
खिड़की की ग्रिल काटकर मंदिर में घुसे थे चोर
पुलिस के अनुसार, 6-7 नवंबर 2026 की दरमियानी रात अज्ञात बदमाशों ने सिंगोली स्थित जैन मंदिर को निशाना बनाया था। बदमाश मंदिर की खिड़की की लोहे की ग्रिल काटकर अंदर दाखिल हुए और दानपेटी तोड़कर उसमें रखी नकदी, एक चांदी का श्रीफल और दो चांदी के सिक्के चोरी कर ले गए थे। मामले में फरियादी की रिपोर्ट पर थाना सिंगोली में अपराध क्रमांक 189/26 के तहत बीएनएस की धाराओं में प्रकरण दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की थी।
20 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले
वारदात की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता अग्रवाल एवं एसडीओपी जावद हर्ष राठौर के मार्गदर्शन में विशेष पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस ने घटनास्थल पर फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट और डॉग स्क्वॉड की मदद से साक्ष्य जुटाए। इसके अलावा कस्बे के 20 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले और मुखबिर तंत्र सक्रिय किया। तकनीकी साक्ष्यों एवं मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में दोनों ने जैन मंदिर में चोरी करना स्वीकार किया।
चारभुजानाथ मंदिर में कलश चोरी का भी खुलासा
पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपियों ने 28 अगस्त 2026 को ढाणी फलासिया स्थित चारभुजानाथ मंदिर में कलश चोरी की वारदात को भी अंजाम देना स्वीकार किया है। पुलिस इस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।
चोरी के माल के साथ शराब और कार जब्त
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 33,900 रुपए नकद, एक चांदी का श्रीफल और दो चांदी के सिक्के बरामद किए हैं। बरामद चोरी की सामग्री की कुल कीमत 46,900 रुपए बताई गई है। इसके अलावा 60 लीटर अवैध जहरीली शराब और करीब 4 लाख रुपए कीमत की मारुति सुजुकी ओम्नी कार भी जब्त की गई है।
ये दो आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने शंकरलाल मेहर पिता देवीलाल मेहर (42), निवासी वार्ड नंबर 11 पीपलीपुरा, सिंगोली तथा हुसैन मंसूरी पिता कमरुद्दीन मंसूरी (40), निवासी वार्ड नंबर 11 पीपलीपुरा, सिंगोली को गिरफ्तार किया है।
इनकी रही सराहनीय भूमिका
पूरी कार्रवाई में उप निरीक्षक नसीम अहमद, उप निरीक्षक जोनी सिंह, सहायक उप निरीक्षक प्रभुलाल निनामा, प्रधान आरक्षक विशाल गंगवाल तथा आरक्षक रविन्द्र पाटीदार, गोपी जाट, रिंकु दांगी, राहुल वर्मा, महेन्द्र सिंह, सुनील विण्डोर और वीरेन्द्र की विशेष भूमिका रही।









