उत्तर प्रदेश में लगातार तीसरी बार सरकार बनाने के लक्ष्य के साथ भारतीय जनता पार्टी ने मिशन-2027 की चुनावी बिसात बिछानी शुरू कर दी है। मथुरा में आयोजित पार्टी के दो दिवसीय चिंतन शिविर में आगामी विधानसभा चुनाव के लिए पांच प्रमुख मुद्दों पर मंथन किया गया। इस रणनीति के तहत पार्टी विकास और कानून-व्यवस्था के साथ-साथ सांस्कृतिक और धार्मिक विषयों को भी चुनावी विमर्श के केंद्र में रखने जा रही है।
श्रीकृष्ण जन्मभूमि पर भव्य मंदिर निर्माण का एजेंडा
मथुरा की बैठक में श्रीकृष्ण जन्मभूमि का मुद्दा सबसे प्रमुख रहा। उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि अयोध्या में रामलला के भव्य मंदिर की तरह ही भगवान श्रीकृष्ण की जन्मभूमि पर भी मंदिर बनेगा और यह कार्य न्यायिक प्रक्रिया या आपसी संवाद से पूरा हो सकता है। उन्होंने 'अयोध्या हुई हमारी, अब मथुरा की बारी' का नारा भी दिया। सूत्रों के मुताबिक, बैठक में इस बात पर चर्चा हुई कि 2027 में सरकार बनने के छह महीने के भीतर मंदिर निर्माण की प्रक्रिया शुरू करने का लक्ष्य रखा जाए और इसके लिए मध्य प्रदेश की भोजशाला की तर्ज पर कानूनी व प्रशासनिक विकल्प तलाशे जाएं।
समान नागरिक संहिता (UCC) और राष्ट्रवाद पर जोर
पार्टी के चुनावी एजेंडे में समान नागरिक संहिता यानी यूनिफॉर्म सिविल कोड (UCC) को भी अहम स्थान दिया गया है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पहले ही 2027 में सरकार बनने पर राज्य में UCC लागू करने का वादा कर चुके हैं। इसके अलावा, अयोध्या और काशी के बाद मथुरा-वृंदावन की सांस्कृतिक विरासत और राष्ट्रवाद को भी प्रचार अभियान का बड़ा हिस्सा बनाया जाएगा।
बुनियादी ढांचा, औद्योगिक निवेश और कानून-व्यवस्था
सांस्कृतिक मुद्दों के साथ बीजेपी सड़क, एक्सप्रेसवे, एयरपोर्ट, मेट्रो, औद्योगिक निवेश और रोजगार जैसे विकास कार्यों को जनता के सामने रखेगी। अयोध्या और काशी की तर्ज पर ब्रज क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन और बुनियादी सुविधाओं के विस्तार पर भी जोर रहेगा। वहीं, 2017 से पहले और बाद की स्थिति की तुलना करते हुए महिला सुरक्षा, अपराध नियंत्रण और माफिया के खिलाफ कार्रवाई को भी पार्टी अपना बड़ा चुनावी हथियार बनाएगी।









