डिंडौर/खबर डिजिटल/शैलेश नामदेव। शाहपुरा नगर परिषद की मुख्य नगरपालिका अधिकारी (CMO) रीना सिंह राठौर को निलंबित कर दिया है। नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार, उनके खिलाफ वित्तीय और प्रशासनिक अनियमितताओं के आरोपों की जांच के बाद यह कार्रवाई की गई है। निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय संयुक्त संचालक, नगरीय प्रशासन एवं विकास, जबलपुर संभाग निर्धारित किया गया है।
शिकायत के बाद बनी थी जांच समिति
नगर परिषद अध्यक्ष द्वारा की गई शिकायत के बाद मामले की जांच के लिए तीन सदस्यीय समिति गठित की गई थी। समिति ने अपनी जांच रिपोर्ट विभाग को सौंपी, जिसके आधार पर कार्रवाई की गई। शिकायत में सामग्री खरीदी, निर्माण कार्यों और वित्तीय स्वीकृतियों से जुड़े मामलों में अनियमितताओं के आरोप लगाए गए थे।
कई मामलों में अनियमितताओं के आरोप
जांच रिपोर्ट में जल संरक्षण कार्यों, निर्माण कार्यों, नीलामी प्रक्रिया और अन्य प्रशासनिक मामलों में गड़बड़ियों का उल्लेख किया गया है। रिपोर्ट में कुछ योजनाओं और कार्यों में वित्तीय अनियमितताओं की बात भी सामने आई है। इसके अलावा परिषद की कार्यप्रणाली और प्रशासनिक प्रक्रियाओं को लेकर भी सवाल उठाए गए हैं।
अन्य स्थानों पर भी लंबित हैं मामले
विभागीय दस्तावेजों के अनुसार, रीना सिंह राठौर के खिलाफ अन्य नगर परिषदों में पदस्थापना के दौरान भी कुछ मामले और जांच प्रक्रियाएं लंबित हैं। इनमें वित्तीय अनियमितताओं और निर्माण कार्यों से जुड़े मामलों की जांच शामिल है। सरकार ने मामले को शासकीय दायित्वों के प्रति लापरवाही और अनुशासनहीनता से जोड़ते हुए नियमों के तहत निलंबन की कार्रवाई की है।
ये खबर भी पढ़ें..
