भोपाल/खबर डिजिटिल: World Heritage Day: 18 अप्रैल दिन शनिवार को विश्व विरासत दिवस के मौके पर MP के सभी संग्रहालयों और स्मारकों में निःशुल्क प्रवेश रहेगा। यह निर्णय मध्यप्रदेश के संस्कृति, पर्यटन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मेंद्र भाव सिंह लोधी ने लिया है।
राज्य मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी ने बताया है कि “विश्व विरासत दिवस” के विशेष अवसर पर 18 अप्रैल 2026, शनिवार को पुरातत्व, अभिलेखागार एवं संग्रहालय संचालनालय, भोपाल के अधीन आने वाले प्रदेश के सभी संग्रहालयों और स्मारकों में पर्यटकों का प्रवेश पूरी तरह निःशुल्क रहेगा। यह सुविधा सभी पर्यटकों के लिए उपलब्ध होगी, जिससे वे बिना किसी टिकट के मध्यप्रदेश की गौरवशाली विरासत का अवलोकन कर सकेंगे।
राज्य मंत्री लोधी ने बताया कि इसका मुख्य उद्देश्य नागरिकों को अपनी प्राचीन कला, वास्तुकला और ऐतिहासिक महत्व की वस्तुओं के प्रति जागरूक करना है। राज्य मंत्री लोधी ने आम जनता और पर्यटकों से अपील की है कि वे इस अवसर का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और अपनी वैभवशाली ऐतिहासिक एवं पुरातात्विक विरासतों से जुड़े।


