नौकरीपेशा लोगों के लिए अपने PF खाते से जुड़ी जानकारी हासिल करना अब पहले के मुकाबले आसान हो सकता है. कर्मचारी भविष्य निधि संगठन यानी EPFO ने WhatsApp के जरिए अपनी सेवाएं उपलब्ध कराने की पहल की है. इसका फायदा उठाकर सदस्य PF खाते से जुड़ी जरूरी जानकारी और अपडेट सीधे WhatsApp के माध्यम से हासिल कर सकेंगे.
EPFO ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X के जरिए इस नई सुविधा की जानकारी साझा की है. संगठन के मुताबिक उसका आधिकारिक WhatsApp चैनल भी शुरू हो गया है. इस चैनल के जरिए सदस्यों को EPFO की योजनाओं, जरूरी घोषणाओं और दूसरे महत्वपूर्ण अपडेट की जानकारी मिलती रहेगी.
WhatsApp से मिलेंगी PF की कई जरूरी सुविधाएं
इस सुविधा का मकसद PF से जुड़ी सामान्य जानकारी के लिए कर्मचारियों को बार-बार EPFO कार्यालय या कस्टमर केयर के संपर्क में जाने से बचाना है. WhatsApp आधारित सेवा के जरिए सदस्य अपने PF खाते से जुड़ी कई जानकारियां हासिल कर सकेंगे.
इसमें PF बैलेंस चेक करना, खाते में हुए हाल के पांच ट्रांजैक्शन देखना और EPF क्लेम का स्टेटस जानना जैसी सुविधाएं शामिल हैं. इसके अलावा PF से जुड़ी दूसरी जरूरी सेवाओं और EPFO के नए अपडेट की जानकारी भी यहां मिल सकेगी.
यह सेवा ऑटोमेटेड सिस्टम पर आधारित होने के कारण 24 घंटे उपलब्ध रहने की उम्मीद है. ऐसे में सामान्य जानकारी या खाते से जुड़े बेसिक अपडेट के लिए कर्मचारियों को ऑफिस टाइम का इंतजार नहीं करना पड़ेगा. सदस्य दिए गए लिंक के जरिए EPFO के WhatsApp चैनल से जुड़ सकते हैं.
‘Hello’ लिखकर शुरू कर सकते हैं बातचीत
EPFO की WhatsApp सेवा का इस्तेमाल करने के लिए सदस्य संगठन के वेरिफाइड WhatsApp नंबर पर ‘Hello’ भेजकर बातचीत शुरू कर सकते हैं. इसके बाद स्क्रीन पर उपलब्ध विकल्पों के जरिए PF खाते से संबंधित जानकारी हासिल की जा सकेगी.
इसके अलावा EPFO में रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर भी सदस्यों को जरूरी संदेश और अपडेट प्राप्त हो सकेंगे. इससे PF खाते से जुड़ी महत्वपूर्ण गतिविधियों पर नजर रखना आसान होगा.
EPFO का आधिकारिक WhatsApp चैनल भी शुरू
EPFO ने WhatsApp पर केवल चैट सर्विस ही शुरू नहीं की है. संगठन ने अपना आधिकारिक WhatsApp चैनल भी लॉन्च किया है. इस चैनल पर EPFO की ओर से योजनाओं से जुड़े अलर्ट, महत्वपूर्ण घोषणाएं और आधिकारिक अपडेट साझा किए जाएंगे.
इसका एक फायदा यह भी होगा कि सदस्य सोशल मीडिया पर वायरल हो रही PF से जुड़ी किसी भी जानकारी पर आंख बंद करके भरोसा करने के बजाय संगठन के आधिकारिक चैनल से सही अपडेट हासिल कर सकेंगे.
EPF पर मिल रहा 8.25 फीसदी ब्याज
EPF नौकरीपेशा लोगों के लिए रिटायरमेंट के लिए बचत जुटाने का एक अहम माध्यम है. सरकार ने वित्त वर्ष 2025-26 के लिए EPF और VPF पर 8.25 फीसदी सालाना ब्याज दर को मंजूरी दी थी. लगातार तीसरे साल EPF की ब्याज दर 8.25 फीसदी रखी गई.
ऐसे में कर्मचारियों के लिए अपने PF खाते में जमा रकम, मिलने वाले ब्याज और क्लेम की स्थिति की जानकारी समय-समय पर चेक करते रहना जरूरी है.









