Gold Silver Rate Today: खबर डिजिटल/ मिडिल ईस्ट में अमेरिका-इजराइल और ईरान के बीच तनाव का असर बाजार पर साफ देखा जा रहा है, पेट्रोलियम उत्पादों के बाद अब सर्राफा बाजार पर भी इसका असर दिखाई देने लगा है। सोने की कीमतों में गिरावट का दौर जारी है। 14 मार्च की सुबह राजधानी दिल्ली में 24 कैरेट गोल्ड की कीमत गिरकर 1 लाख 60 हजार 830 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गई। मुंबई में कीमत 1 लाख 60 हजार 680 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गई है। जबकि एक दिन पहले दिल्ली के सराफा बाजार में सोने की कीमत 2 हजार रुपये या 1.21 प्रतिशत गिरकर 1 लाख 65 हजार 200 रुपये प्रति 10 ग्राम रह गई।
पश्चिम एशिया का असर
पश्चिम एशिया में बढ़ते संघर्ष के कारण कच्चे तेल की कीमतें आसमान पर है, बाजार को महंगाई के दौर से गुजरना पड़ सकता है। इसके चलते केंद्रीय बैंकों को लंबे समय तक सख्त मौद्रिक रुख बनाए रखने के लिए मजबूर होना पड़ सकता है। इसी का कारण है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में हाजिर सोना 5 हजार 88 डॉलर प्रति औंस पर है।
चांदी की कीमत
दूसरी कीमती धातु कहलाने वाली चांदी में भी गिरावट का दौर जारी है। 14 मार्च की सुबह कीमत 2 लाख 79 हजार 800 रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गई है। एक दिन पहले दिल्ली के सराफा बाजार में चांदी की कीमत 11 हजार रुपये या 3.97 प्रतिशत गिरकर 2 लाख 65 हजार 500 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई। अंतरराष्ट्रीय बाजार में चांदी का हाजिर भाव 83.14 डॉलर प्रति औंस है। बता दें कि इस साल जनवरी महीने में चांदी की कीमत 4 लाख रुपये के आंकड़े को क्रॉस कर गई थी।









