सागर/ हर्षित पांडेय/खबर डिजिटल/ सागर जिले के रहली थाना क्षेत्र से एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। जहां बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। इस हादसे में बाइक सवार युवक की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए पहुंचाया, और मामले की जांच शुरु की।
19 साल के युवक की दर्दनाक मौत
दरअसल सागर जिले की रहली थाना क्षेत्र अंतर्गत सागर-रहली मार्ग पर तिनसी गांव की ओर वापस लौट रहा बाइक सवार अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गया। हादसे में तिनसी गांव निवासी मोनू गौंड उम्र 19 साल की घटना स्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा गया, साथ ही पुलिस ने मर्ग कायम करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि बाइक सवार युवक मोनू तिनसी गांव से रहली आया था। जहां से लौटते वक्त वह सड़क हादसे का शिकार हो गया। बहरहाल दीपावली त्यौहार से पहले सड़क हादसे में युवक की मौत के बाद इलाके में मातम पसर गया है और परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।
पुलिस कर रही मामले की जांच
हादसे को लेकर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है, जिसमें जांच की जा रही है कि हादसे का कारण क्या था, वहीं यातायात के नियमों का पालन कराने को लेकर जनता से अपील जारी की गई है।









