Nitish Kumar Deputy PM: देश और बिहार की राजनीति से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। दिल्ली दरबार में मचे घमासान के बीच अब बिहार में नीतीश कुमार को केंद्र की राजनीति में बड़ी कमान सौंपने की मांग तेज हो गई है। राष्ट्रीय जनता दल के बाद अब खुद जनता दल यूनाइटेड के अंदर से पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को देश का उप प्रधानमंत्री बनाने की मांग उठ खड़ी हुई है, जिसने भाजपा गठबंधन की धड़कनें तेज कर दी हैं।
विधायक की बड़ी मांग
जेडीयू के फायरब्रांड विधायक पंकज मिश्रा ने मीडिया से बातचीत में खुलकर बैटिंग करते हुए कहा कि नीतीश कुमार को देश का डिप्टी पीएम बनाया जाना चाहिए। विधायक ने बड़ा दावा ठोकते हुए कहा कि यह सिर्फ पार्टी की मांग नहीं है, बल्कि पूरे बिहार के लोग दिल से यही चाहते हैं कि सुशासन बाबू अब दिल्ली दरबार में बड़ी भूमिका निभाएं।
20 सालों का अनुभव
पंकज मिश्रा का कहना है कि नीतीश कुमार ने पिछले 20 सालों से बिहार के मुख्यमंत्री के रूप में सूबे की कमान संभाली है। उनके पास राजनीति का लंबा और बेदाग अनुभव है। मुख्यमंत्री बनने से पहले भी नीतीश कुमार केंद्र सरकार में कई मंत्रालयों को संभाल चुके हैं। ऐसे में उनके अनुभव का लाभ अब सीधे तौर पर केंद्र सरकार को लिया जाना चाहिए।
गठबंधन नेताओं में हलचल
राजनैतिक जानकारों का मानना है कि बिहार की राजनीति में इस मांग का समय संवेदनशील है। पहले आरजेडी की तरफ से नीतीश कुमार को दिल्ली भेजने और डिप्टी पीएम बनाने के कयास लगाए जा रहे थे, लेकिन अब जेडीयू विधायक की इस खुली मांग ने सूबे और देश की राजनीति खास तौर पर एनडीए में खलबली मचा दी है।









