सोने और चांदी की कीमतों में एक बार फिर कमजोरी देखने को मिल रही है. घरेलू वायदा बाजार यानी MCX पर शुक्रवार को सोने का भाव 642 रुपये की गिरावट के साथ 1,51,699 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया. इसी तरह चांदी की कीमत में भी बड़ी गिरावट दर्ज हुई है. चांदी 1,645 रुपये सस्ती होकर 2,32,454 रुपये प्रति किलोग्राम के स्तर पर कारोबार कर रही है.
कीमती धातुओं में यह दबाव सिर्फ घरेलू बाजार तक सीमित नहीं है. अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सोने और चांदी दोनों के भाव नीचे आए हैं. ग्लोबल मार्केट में सोना 0.86 फीसदी टूटकर 4,396.10 डॉलर प्रति औंस पर आ गया, जबकि चांदी की कीमत 1.47 फीसदी की गिरावट के साथ 63.98 डॉलर प्रति औंस रह गई.
अमेरिका के महंगाई आंकड़ों पर बाजार की नजर
इस समय निवेशकों का फोकस अमेरिका से आने वाले महंगाई के आंकड़ों पर है. बाजार में खास तौर पर उत्पादक कीमतों से जुड़े PPI और खुदरा महंगाई के आंकड़े यानी CPI का इंतजार किया जा रहा है. इन दोनों आंकड़ों से अमेरिकी अर्थव्यवस्था में महंगाई की स्थिति को लेकर तस्वीर और साफ हो सकती है.
इन आंकड़ों का असर अमेरिकी फेडरल रिजर्व के अगले फैसले पर भी पड़ सकता है. फेडरल रिजर्व की 15-16 सितंबर को होने वाली बैठक में ब्याज दरों को लेकर फैसला लिया जाना है. ऐसे में महंगाई के आंकड़े यह संकेत दे सकते हैं कि केंद्रीय बैंक ब्याज दर में बदलाव करेगा या फिर इसे मौजूदा स्तर पर ही बरकरार रखेगा.
सर्राफा बाजार में सोने की गिरावट पर लगा ब्रेक
दूसरी तरफ, राष्ट्रीय राजधानी के सर्राफा बाजार में सोने की कीमतों में राहत देखने को मिली. बृहस्पतिवार को खुदरा कारोबारियों और स्टॉकिस्टों की ओर से हुई ताजा खरीदारी के चलते सोने के भाव में पिछले तीन कारोबारी सत्रों से जारी गिरावट रुक गई. सोने की कीमत 600 रुपये बढ़कर 1,58,600 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गई. इससे पहले बुधवार को 99.9 फीसदी शुद्धता वाले सोने का भाव 1.58 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था.
चांदी में लगातार तीसरे दिन तेजी
सोने के उलट सर्राफा बाजार में चांदी ने तेजी का सिलसिला जारी रखा. अखिल भारतीय सर्राफा संघ के मुताबिक, बुधवार को 2,43,400 रुपये प्रति किलोग्राम के स्तर पर बंद हुई चांदी गुरुवार को 1,200 रुपये बढ़ गई. इस बढ़त के बाद चांदी की कीमत 2,44,600 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई. यह कीमत सभी टैक्स को शामिल करने के बाद की है. इस तरह सर्राफा बाजार में चांदी लगातार तीसरे कारोबारी सत्र में मजबूत हुई है.









