अगर आप अपने बच्चे का पासपोर्ट बनवाने की तैयारी कर रहे हैं या पासपोर्ट से जुड़ी किसी सर्विस के लिए आवेदन करने वाले हैं, तो यह खबर आपके काम की है. विदेश मंत्रालय (MEA) ने पासपोर्ट से जुड़े नियमों में बदलाव किया है. नए नियमों में खास तौर पर नाबालिगों के पासपोर्ट की वैलिडिटी और अलग-अलग पासपोर्ट सेवाओं के लिए तय फीस से जुड़ी जानकारी शामिल है.
पासपोर्ट (संशोधन) नियम, 2026 को 15 सितंबर को आधिकारिक गजट में प्रकाशित किया गया, जिसके साथ ही ये बदलाव प्रभावी हो गए. नए नियमों में 15 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए जारी होने वाले सामान्य पासपोर्ट की वैलिडिटी को लेकर महत्वपूर्ण बदलाव किया गया है.
15 साल से कम उम्र के बच्चों के पासपोर्ट की वैलिडिटी
संशोधित नियमों के अनुसार, 15 साल से कम उम्र के बच्चे को जारी किया जाने वाला 36 पेज का सामान्य पासपोर्ट अधिकतम पांच साल तक वैध रहेगा. हालांकि, अगर बच्चा इस अवधि से पहले 18 साल का हो जाता है, तो पासपोर्ट की वैलिडिटी उसके 18वें जन्मदिन तक ही मानी जाएगी.
यानी बच्चे के पासपोर्ट की वैलिडिटी पांच साल या उसके 18 साल की उम्र पूरी होने तक होगी, इनमें से जो अवधि पहले खत्म होगी, वही लागू होगी.
पासपोर्ट के लिए कितनी फीस देनी होगी
पासपोर्ट से जुड़ी सेवाओं की फीस पासपोर्ट नियम, 1980 की अनुसूची IV में निर्धारित दरों के आधार पर ली जाएगी. फीस में संशोधन पहले ही 1 जुलाई से लागू किया जा चुका है. इसके तहत नया पासपोर्ट बनवाने, पासपोर्ट दोबारा जारी कराने, तत्काल सेवा लेने और पासपोर्ट में बदलाव से जुड़ी सेवाओं के लिए अलग-अलग शुल्क निर्धारित किए गए हैं.
आधिकारिक पासपोर्ट सेवा पोर्टल के मुताबिक, सामान्य श्रेणी में 36 पेज वाले नए पासपोर्ट के लिए 2,500 रुपये और 60 पेज वाले पासपोर्ट के लिए 3,500 रुपये का शुल्क है.
नाबालिगों के लिए सामान्य श्रेणी में 36 पेज वाले पासपोर्ट की फीस 1,750 रुपये है. तत्काल सेवा का विकल्प चुनने पर इसके अलावा 2,500 रुपये की अतिरिक्त फीस देनी होगी. वहीं, पासपोर्ट सेवा पोर्टल पर पुलिस क्लीयरेंस सर्टिफिकेट (PCC) के लिए 750 रुपये शुल्क बताया गया है.
तत्काल पासपोर्ट की फीस भी जान लें
वयस्कों के लिए तत्काल सेवा में 2,500 रुपये की अतिरिक्त फीस निर्धारित है. ऐसे में 36 पेज वाले वयस्क पासपोर्ट की तत्काल कैटेगरी में कुल फीस 5,000 रुपये हो जाती है. वहीं, 60 पेज वाले पासपोर्ट के लिए तत्काल सेवा के साथ कुल शुल्क 6,000 रुपये है.
सरकार ने कुछ वर्गों के लिए फीस में मिलने वाली छूट को भी बरकरार रखा है. 8 साल तक की उम्र के बच्चों और 60 साल से अधिक उम्र वाले वरिष्ठ नागरिकों की नई पासपोर्ट एप्लीकेशन पर बेसिक फीस में 10 प्रतिशत की छूट जारी है. हालांकि, पासपोर्ट को दोबारा जारी कराने वाली एप्लीकेशन पर यह छूट लागू नहीं होगी.









