CG Train Cancel List: छत्तीसगढ़ और आसपास के राज्यों में रेल यात्रियों के लिए अप्रैल महीना मुश्किल भरा रहने वाला है। रेलवे ने 5 अप्रैल से 24 अप्रैल के बीच अलग-अलग तारीखों पर कुल 14 ट्रेनों को निरस्त करने का निर्णय लिया है। रेलवे के इस फैसले से खासतौर पर बिलासपुर और रायपुर रूट पर यात्रा करने वाले यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ेगा।
गोंदिया में मरम्मत कार्य
गोंदिया रेलवे स्टेशन पर चल रहे ट्रैक सुधार कार्य के चलते यह फैसला लिया गया है। प्लेटफॉर्म नंबर 3 पर मेंटेनेंस और ट्रैक अपग्रेड के लिए अप मेन लाइन को करीब 20 दिनों तक बंद रखा जाएगा, जिससे ट्रेनों का संचालन प्रभावित होगा।
लंबी दूरी की ट्रेनें भी शामिल
रद्द की गई ट्रेनों में छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस, गोंडवाना एक्सप्रेस और शालीमार एलटीटी एक्सप्रेस जैसी ट्रेनें शामिल हैं। ये ट्रेनें छत्तीसगढ़ को दिल्ली, पंजाब और महाराष्ट्र से जोड़ती हैं, इसलिए लंबी दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों पर इसका सीधा असर पड़ेगा। ट्रेनों के रद्द होने से सिर्फ छत्तीसगढ़ ही नहीं, बल्कि महाराष्ट्र, मध्यप्रदेश, ओडिशा, पश्चिम बंगाल और दिल्ली की ओर यात्रा करने वाले यात्रियों को भी दिक्कतें होंगी।
कब से कब तक रहेंगी बंद
कोरबा-अमृतसर छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस (18237) 5 से 25 अप्रैल तक और अमृतसर-बिलासपुर (18238) 7 से 27 अप्रैल तक नहीं चलेगी। वहीं रायगढ़-निजामुद्दीन गोंडवाना एक्सप्रेस भी अप्रैल के कई दिनों में रद्द रहेगी, जिससे दिल्ली रूट के यात्रियों को अन्य दूसरी ट्रेनों में सफर करना पड़ेगा।
पैसेंजर ट्रेनें भी रद्द
एक्सप्रेस ट्रेनों के अलावा 4 पैसेंजर ट्रेनें भी रद्द की गई हैं, जिनमें बल्लारशाह-गोंदिया और गोंदिया-कटंगी रूट की ट्रेनें शामिल हैं। ये ट्रेनें रोजाना यात्रा करने वाले और छोटे व्यापारियों के लिए अहम मानी जाती हैं।
यात्रियों के लिए सलाह
रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले आधिकारिक वेबसाइट या हेल्पलाइन के जरिए ट्रेन का स्टेटस जरूर जांच लें। लंबे समय तक चलने वाले इस ब्लॉक के कारण अन्य ट्रेनों में भी भीड़ बढ़ने और वेटिंग लिस्ट लंबी होने की संभावना है।









