BJP Politics: छत्तीसगढ़ की राजनीति और सत्ता के गलियारों में एक बड़ा धमाका हुआ है। कोंडागांव जिले के अंतर्गत आने वाली नगर पंचायत केशकाल में आपसी अंतर्कलह और नाराजगी के बाद भाजपा के 6 पार्षदों ने एक साथ बगावत कर सभी जनप्रतिनिधियों ने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। पार्षदों ने अपने इस्तीफे की कॉपी भाजपा मंडल अध्यक्ष लंबोदर सलाम को सौंप दी है।
भीतरघात और खींचतान
केशकाल नगर पंचायत के अंदर लंबे समय से संगठन और पार्षदों के बीच समन्वय का अभाव देखा जा रहा था। अंदरूनी गुटबाजी और अपनी उपेक्षा से नाराज चल रहे 6 पार्षदों ने बड़ा कदम उठाते हुए पार्टी को अलविदा कह दिया। इस बड़े घटनाक्रम की पुष्टि करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष सेवकराम नेताम ने बताया कि पार्षदों ने अपने इस्तीफे सीधे मंडल अध्यक्ष को सौंपे थे, जिसके बाद मंडल अध्यक्ष के माध्यम से ये व्हाट्सएप पर फॉरवर्ड किए गए हैं। जिलाध्यक्ष के अनुसार, संगठन इस मसले पर बंद कमरे विधिक समीक्षा और चर्चा कर रहा है।
जीत के बाद भी असंतोष
छत्तीसगढ़ के नगरीय निकायों के उपचुनावों में भाजपा ने 5 में से 3 सीटों पर जीत दर्ज की थी। इसके बावजूद, अंदरूनी रिपोर्ट और भितरघात को लेकर प्रदेश संगठन असंतुष्ट नजर आ रहा था, और पार्टी हार वाली सीटों के साथ-साथ जीतने वाली जगहों की भी समीक्षा कर रही थी।
सड़क पर आई नाराजगी
समीक्षा बैठकें पूरी होने से पहले ही अलग-अलग अंचलों से भाजपा नेताओं और पार्षदों की नाराजगी खुलकर सामने आ गई। केशकाल में सामूहिक इस्तीफों का यह दौर शुरू होने से संगठन बैकफुट पर आता दिख रहा है, क्योंकि आलाकमान ने अभी तक इन इस्तीफों को स्वीकार या खारिज करने की घोषणा नहीं की है।









