सागर/हर्षित पांडेय/खबर डिजिटल/ सागर शहर जिले में कलेक्टर संदीप जी आर के निर्देश पर सभी खाद्य सामग्री दुकानदारों पर कार्रवाई चल रही है, जिसके चलते लगातार प्रशासन और खाद्य विभाग की टीम कार्रवाई में जुटी है। कार्रवाई के दौरान खाद्य पदार्थों की गहनता से जांच की जा रही है, स्वास्थ्य के लिए हानिकारक खाद्य सामग्री मिलने पर सख्त कार्रवाई होगी।
घटिया मावा मिलने पर की कार्रवाई
इसी के चलते बुधवार की दोपहर 2 बजे राहतगढ़ बस स्टैंड के पास शर्मा स्वीट्स पर तहसीलदार और खाद्य विभाग की संयुक्त छापामार कार्यवाही की गई, जिसमें एक क्विंटल दस किलो मावा जब्त कर कार्रवाई की है। इस दौरान तहसीलदार संदीप तिवारी ने बताया छापामार कार्यवाही के दौरान दुकान पर गंदगी सहित अन्य खामियां देखी गई। साथ ही आस पास की अन्य दुकानों पर भी कमियां पाए जाने पर कार्यवाही की जाएगी।
आगे भी जारी रहेगी प्रशासन, खाद्य विभाग की कार्रवाई
तहसीलदार संदीप तिवारी ने बताया कि कलेक्टर साहब के निर्देश के बाद प्रशासन और खाद्य विभाग की टीम जिले की खाद्य सामग्री बेचने वाले दुकानदारों की जांच कर रही है। किसी भी तरह की गड़बड़ी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी, किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।









