रतलाम/खबर डिजिटल/ सर्दियों और त्योहारों के दौरान ट्रेनों में बढ़ती यात्रियों की भीड़ को देखते हुए पश्चिम रेलवे ने अहमदाबाद और गोरखपुर के बीच साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। यह ट्रेन रतलाम रेल मंडल के प्रमुख स्टेशनों से होकर गुजरेगी। इससे रतलाम, नागदा सहित रास्ते के अन्य स्टेशनों के यात्रियों को भी आवागमन में सुविधा मिलेगी।
प्रत्येक बुधवार को जाएगी ट्रेन
पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश कुमार की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, ट्रेन नंबर 09439 अहमदाबाद-गोरखपुर स्पेशल प्रत्येक बुधवार को अहमदाबाद से रवाना होगी। यह ट्रेन 18 नवंबर 2026 को रात 1 बजे अहमदाबाद से प्रस्थान करेगी। रास्ते में रतलाम स्टेशन पर सुबह 6:50 से 7 बजे तक और नागदा में सुबह 7:48 से 7:50 बजे तक ठहराव होगा। इसके बाद अगले दिन सुबह 6:45 बजे गोरखपुर पहुंचेगी।
प्रत्येक गुरुवार को वापसी
इसी तरह वापसी में ट्रेन नंबर 09440 गोरखपुर-अहमदाबाद स्पेशल प्रत्येक गुरुवार को गोरखपुर से रवाना होगी। यह ट्रेन 19 नवंबर 2026 को सुबह 10:50 बजे गोरखपुर से प्रस्थान करेगी। शुक्रवार को नागदा स्टेशन पर सुबह 6:50 से 6:52 बजे और रतलाम में सुबह 7:40 से 7:50 बजे तक रुकेगी। इसके बाद अगले दिन दोपहर 2 बजे अहमदाबाद पहुंचेगी।
इन स्टेशनों पर रहेगा ठहराव
अहमदाबाद-गोरखपुर साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन दोनों दिशाओं में आणंद, छायापुरी, गोधरा, रतलाम, नागदा, कोटा, सवाई माधोपुर, गंगापुर सिटी, बयाना, ईदगाह आगरा, टूंडला, इटावा, कानपुर सेंट्रल, ऐशबाग, बाराबंकी, गोंडा और बस्ती रेलवे स्टेशनों पर रुकेगी।
स्लीपर और जनरल कोच की रहेगी सुविधा
रेलवे के अनुसार, इस स्पेशल ट्रेन में यात्रियों के लिए स्लीपर और सामान्य श्रेणी के कोच उपलब्ध रहेंगे। ट्रेन का संचालन विशेष किराये पर किया जाएगा। सर्दियों और त्योहारों के दौरान लंबी दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों को इससे अतिरिक्त रेल सुविधा मिल सकेगी।
यात्रियों से की अपील
रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा पर निकलने से पहले ट्रेन के समय, ठहराव और परिचालन की ताजा स्थिति की जानकारी जरूर प्राप्त करें। इसके लिए भारतीय रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट www.enquiry.indianrail.gov.in और RailOne ऐप का इस्तेमाल किया जा सकता है।









