सिवनी/राकेश यादव/ बंडोल थाना क्षेत्र अंतर्गत सोना डोंगरी स्थित अशोक लीलैंड वर्कशॉ gvप में शुक्रवार देर रात अज्ञात कारणों के चलते अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया, जिससे वर्कशॉप में खड़ी तीन मोटरसाइकिलें और लाखों रुपये का सामान जलकर खाक हो गया।
घटना की जानकारी मिलते ही कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई। कर्मचारियों द्वारा तत्काल डायल 112 को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही डायल 112 के पायलट प्रहलाद बघेल एवं सैनिक रामदयाल डहेरिया मौके पर पहुंचे और फायर ब्रिगेड को सूचना दी।
दमकल वाहन ने मौके पर पहुंचकर काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है। वहीं बंडोल पुलिस भी मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गई है।
स्थानीय लोगों के अनुसार यदि समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता तो बड़ा हादसा हो सकता था। घटना के बाद क्षेत्र में काफी देर तक लोगों की भीड़ लगी रही।









