भिंड। एक भीषण सड़क हादसे में मंगलवार सुबह तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा दंदरौआ धाम गेट नंबर-1 के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार लोडिंग वाहन अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गया और पलट गया। मृतकों में पिता-पुत्र भी शामिल हैं। पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
दंदरौआ धाम जाते समय हुआ हादसा
मेहगांव थाना पुलिस के अनुसार, मौ इलाके से पांच लोग एक पिकअप वाहन में सवार होकर दंदरौआ धाम की ओर जा रहे थे। वाहन में एक भैंस भी लदी हुई थी। बताया जा रहा है कि सभी लोग किसी काम से दंदरौआ जा रहे थे।मंगलवार तड़के जब वाहन मेहगांव-मौ मुख्य मार्ग पर दंदरौआ धाम गेट नंबर-1 के पास पहुंचा, तभी चालक अचानक वाहन से नियंत्रण खो बैठा। तेज रफ्तार पिकअप सड़क किनारे लगे पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहन पलट गया और उसके चक्के ऊपर की तरफ हो गए।
मौके पर तीन लोगों ने तोड़ा दम
हादसा इतना भीषण था कि वाहन में सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान 50 वर्षीय प्रीतम मांझी, उनके बेटे सुनील मांझी निवासी ग्राम छोली, जिला ग्वालियर और उपेंद्र राणा निवासी लखनौती, डबरा जिला ग्वालियर के रूप में हुई है।स्थानीय लोगों ने हादसे की सूचना तुरंत पुलिस को दी। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर वाहन में फंसे लोगों को बाहर निकाला।
दो घायलों की हालत गंभीर
हादसे में रामरूप बघेल निवासी एरोली और मानवेंद्र ठाकुर गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को तत्काल मेहगांव के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए ग्वालियर रेफर कर दिया गया।
पुलिस ने शुरू की जांच
मेहगांव थाना पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर दुर्घटनाग्रस्त वाहन को सड़क से हटवाया। एसडीओपी संजय कोच्छा ने बताया कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। शुरुआती जांच में तेज रफ्तार और चालक का नियंत्रण खोना दुर्घटना की वजह माना जा रहा है। पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।









