आसमान में सह-पायलट का हमला और पायलट की जांबाजी
दुबई से इजरायल की राजधानी तेल अवीव जा रही 'फ्लाईदुबई' (उड़ान एफजेड 1073) की एक फ्लाइट में बुधवार को रोंगटे खड़े कर देने वाला वाकया सामने आया. हवा में उड़ रहे विमान के कॉकपिट में सह-पायलट ने अचानक भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छार पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया. इस अप्रत्याशित हमले के चलते विमान महज 37 सेकेंड के भीतर करीब 14,300 फीट तेजी से नीचे गिर गया. 34,000 फीट की ऊंचाई पर अचानक पैदा हुए इस खतरे के बीच गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद स्मित ने न केवल हमलावर सह-पायलट का मुकाबला किया, बल्कि बेहद सूझबूझ के साथ गिरते विमान पर दोबारा नियंत्रण हासिल कर लिया.
174 जिंदगियां सुरक्षित और सऊदी अरब में हुई इमरजेंसी लैंडिंग
कैप्टन स्मित मच्छार के इस अदम्य साहस और संयम की बदौलत विमान में सवार 27 मासूम बच्चों समेत कुल 174 यात्रियों की जान सुरक्षित बच गई. आपातकालीन संकेत भेजने के तुरंत बाद, उन्होंने मुस्तैदी दिखाते हुए विमान को सऊदी अरब के तबूक शहर स्थित प्रिंस सुल्तान बिन अब्देल अजीज हवाई अड्डे की ओर मोड़ा और उसकी सुरक्षित इमरजेंसी लैंडिंग कराई. हमले में गंभीर चोटें आने के कारण जांबाज पायलट स्मित का फिलहाल सऊदी अरब के एक अस्पताल में इलाज चल रहा है.
सीएम मोहन यादव ने की तारीफ, बाबा महाकाल से मांगी दुआएं
भारतीय पायलट के इस अद्भुत शौर्य पर पूरे देश के साथ-साथ मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भी गर्व व्यक्त किया है. सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर अपनी बात रखते हुए सीएम यादव ने लिखा कि हवा में उपजे गंभीर संकट के बीच घायल होने के बावजूद स्मित जी ने जिस धैर्य, साहस और बुद्धिमत्ता का परिचय दिया, उस पर पूरे भारत को गर्व है. उन्होंने कहा कि विपरीत परिस्थितियों में अपने कर्तव्य के प्रति ऐसी निष्ठा ही भारत के सच्चे वीरों की पहचान है और यह हमारे 'वसुधैव कुटुम्बकम्' के विचार को चरितार्थ करती है. मुख्यमंत्री ने उज्जैन के बाबा महाकाल से कैप्टन स्मित के जल्द से जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना की है.









