सिवनी/ सिवनी जिले के छपारा में हुई आगजनी की दुखद घटना में एक ही परिवार के 6 सदस्यों के निधन पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गहरा दुःख व्यक्त किया है। उन्होंने दिवंगतों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मृतकों के परिजनों को राज्य शासन की ओर से 4-4 लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने जिला प्रशासन को प्रभावित परिवारों को आवश्यक सहयोग एवं सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए हैं।
सोमवार को विधायक दिनेश राय, विधायक रजनीश ठाकुर,डीआईजी राकेश सिंह, कलेक्टर अंजू अरुण कुमार एवं पुलिस अधीक्षक कृष्ण लालचंदानी ने छपारा पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने घटना की जानकारी लेते हुए मौके की स्थिति का जायजा लिया। जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने मृतकों के परिजनों से भेंट कर शोक संवेदना व्यक्त की तथा ढांढस बंधाया।









