छतरपुर/खबर डिजिटल/ जिले के गौरिहार थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत घटरा में गुरुवार को दो अलग-अलग घटनाओं के चलते पूरे गांव में तनाव का माहौल बन गया। पहले प्रेम प्रसंग से जुड़े एक युवक की हत्या का मामला सामने आया, जिसके बाद दोपहर में दो समुदायों के बीच हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया।
घटना से मची जमकर अफरा तफरी
जानकारी के अनुसार, दोपहर करीब तीन बजे मुस्लिम और अहिरवार समुदाय के लोगों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए और लाठी-डंडों से एक-दूसरे पर हमला कर दिया। घटना के दौरान गांव में अफरा-तफरी मच गई और लोग सुरक्षित स्थानों की ओर भागते नजर आए।
पुलिस ने किया दोनों पक्षों को अलग
इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें बड़ी संख्या में लोग हाथों में लाठी-डंडे लेकर एक-दूसरे पर हमला करते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो सोशल मीडिया पर भी तेजी से प्रसारित हो रहा है।घटना की सूचना मिलते ही गौरिहार थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को अलग कर हालात पर काबू पाया। गांव में किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और लगातार निगरानी रखी जा रही है।
प्रेम प्रसंग में हुई थी हत्या
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, गांव में पहले से प्रेम प्रसंग में हुई हत्या की घटना को लेकर तनाव का वातावरण बना हुआ था। इसी दौरान दो समुदायों के बीच हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। हालांकि, पुलिस अभी पूरे घटनाक्रम की सभी पहलुओं से जांच कर रही है। मारपीट में घायल हुए लोगों की संख्या और विवाद के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना से जुड़े वीडियो, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
दोनों पक्षों की क्रॉस रिपोर्ट
गौरिहार थाना प्रभारी रूपनारायण पटैरिया ने बताया कि फिलहाल दोनों पक्षों के चार-चार लोगों के खिलाफ समान धाराओं में काउंटर केस दर्ज किया गया है। मामले की विस्तृत जांच जारी है और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस सतर्क है। इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।









