खबर digital news रिपोर्टर /कटनी शहर के सिटी मॉल के सामने पुरानी रंजिश को लेकर हुई सनसनीखेज चाकूबाजी की वारदात का कोतवाली पुलिस ने चंद घंटों में खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त चाकू और स्कूटी भी बरामद कर ली है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किए जाने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।जानकारी के अनुसार, 15 जुलाई 2026 की रात करीब 8:45 बजे बरही रोड स्थित सिटी मॉल के सामने पुरानी रंजिश के चलते विवाद हो गया। घायल दीपक टीपा ने पुलिस को बताया कि वह अपने भाई कुलदीप टीपा और दोस्तों के साथ सड़क पार कर रहा था, तभी हेमंत उर्फ टुंईया निषाद और सागर निषाद वहां पहुंचे और गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर सागर ने दीपक को पकड़ लिया, जबकि हेमंत ने उसके साथ मारपीट की। बीच-बचाव करने आए कुलदीप टीपा पर हेमंत ने चाकू से पेट में वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। फरियादी की शिकायत पर थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 772/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन में गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी हेमंत उर्फ टुंईया निषाद (21 वर्ष) एवं सागर निषाद (29 वर्ष), दोनों निवासी आधारकाप, को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों से वारदात में प्रयुक्त चाकू एवं सुजुकी बर्गमैन स्कूटी (MP-21-ZE-3406) भी जब्त की गई।जांच में यह भी सामने आया कि दोनों आरोपी आदतन अपराधी हैं। हेमंत निषाद के विरुद्ध कोतवाली एवं कुठला थाने में 5 आपराधिक प्रकरण, जबकि सागर निषाद के खिलाफ कोतवाली, कुठला और एनकेजे थानों में 10 आपराधिक प्रकरण पहले से दर्ज हैं।पुलिस की इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक राखी पाण्डेय, चौकी प्रभारी खिरहनी उपनिरीक्षक किशोर द्विवेदी सहित कोतवाली पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
पुरानी रंजिश में सिटी मॉल के सामने चाकूबाजी: 24 घंटे के भीतर दो आरोपी गिरफ्तार, चाकू और स्कूटी जब्त
Khabar Digital Desk
0 बार पढ़ा गया









