भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गांवों में पहुंच कर ग्रामीणों के साथ दीपावली की खुशियाँ सांझा की। ग्रामीणजनों ने भी हर्षोल्लास के साथ मुख्यमंत्री का स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने भ्रमण के दौरान क्षेत्र के ग्रामीण स्त्री-पुरुषों से सीधा संवाद करते हुए कहा कि आपके आशीर्वाद से मैं भोपाल में बैठकर काम कर रहा हूं। हमारे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मुझे बड़ा काम सौंपा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले मैं अपने ही क्षेत्र में घूमा करता था अब जिम्मेदारी बड़ी होने के कारण प्रदेश भर में घूम रहा हूं। आज समय निकालकर 11 गांवों में लोगों से मिलूंगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने महिलाओं से कहा कि उन्हें इस बात के लिए अनुमति दें कि वे यहां के लोगों के लिए भोपाल में बैठकर काम कर सकें और प्रदेश की सेवा करें।
ऐरवास और कडारिया में ढ़ोल डमाके से हुआ स्वागत
मुख्यमंत्री का ग्राम एरवास में ग्रामीणों ने उत्साह के साथ आत्मीय स्वागत व अभिनंदन किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में विकास के मामले में किसी प्रकार का समझौता नहीं होगा। हमारे लिए विकास सर्वोपरि है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने ग्राम पंचायत के सचिव को निर्देश दिए कि ग्रामीणों को शासन की विभिन्न योजनाओं में लाभान्वित करने में कोई भी चूक न होने पाये। उन्होंने ग्रामीणों से कहा कि आपके मकान की रजिस्ट्री का पैसा शासन दे रहा है।
मुख्यमंत्री ने ग्राम कंडारिया में आयोजित दीपावली मिलन समारोह में भाग लेकर मकानों की रजिस्ट्री संबंधी जानकारी प्राप्त की बताया गया कि गांव के 200 मकान में से 80 मकान की रजिस्ट्री हो गई है। गांवों के विकास से क्षेत्र की दशा बदल रही है। ग्रामीणों ने समस्या बताई की कंडारिया से गिरौता रोड बनाया जाए इस पर कलेक्टर को निर्देश दिए कि पुलिया सहित एप्रोच पुलिया रोड़ का निर्माण करवाए जाने की आवश्यक कार्रवाई की जाए।
ग्राम अजराना में ग्रामीणों ने हल भेंट कर सम्मानित किया
मुख्यमंत्री ग्राम अजराना में दिवाली मिलन समारोह में शामिल हुए। ग्रामीणों ने उन्हें हल भेंट कर सम्मानित किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने इस अवसर पर कहा कि आपसी भाईचारे के साथ गांव के विकास में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें।बच्चों को खूब पढ़ाऐं और आगे बढ़े।साथ ही खेती अच्छी करें ताकि आमदनी बढ़ सके। उन्होंने कहा कि गांव के मंदिर के लिए पूर्व से ही 45 लाख रुपए की राशि मंजूर की जा चुकी है। मुख्यमंत्री ने आज विधानसभा क्षेत्र उज्जैन दक्षिण के ग्राम राणाबड़, तालौद, एरवास, कंडारिया, अजराना, टकवासा, हमीरखेडी, झिरोलिया,फतेहाबाद, उमरियाखालसा व टंकारियापंथ का दौरा किया।









