सिवनी/खबर डिजिटल/राकेश यादव/ किसानों की फसल खरीदी में हो रही परेशानियों को लेकर जिला कांग्रेस ने आज राष्ट्रीय राजमार्ग पर जोरदार प्रदर्शन करते हुए चक्का जाम कर दिया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं और किसानों ने सड़क पर बैठकर सरकार और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। अचानक हुए जाम के चलते हाईवे पर वाहनों की लंबी कतार लग गई, जिससे यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
बताया जा रहा है कि किसान समर्थन मूल्य पर खरीदी में देरी, तौल व्यवस्था की अव्यवस्था, भुगतान में विलंब और मंडियों में सुविधाओं की कमी से नाराज़ हैं। इसी को लेकर कांग्रेस ने आंदोलन का रास्ता अपनाया। प्रदर्शन के दौरान ट्रक, बस, और छोटे वाहन घंटों तक जाम में फंसे रहे।
मौके पर पुलिस बल तैनात रहा और प्रशासनिक अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया। हालांकि काफी देर तक हाईवे पर स्थिति तनावपूर्ण बनी रही। किसानों का कहना है कि जब तक उनकी समस्याओं का समाधान नहीं होगा, आंदोलन जारी रहेगा।









