त्यौंथर रीवा/खबर डिजिटल/अरविन्द तिवारी/ त्योंथर जनपद की ग्राम पंचायत गोदकला में नल-जल योजना के तहत चल रहे निर्माण कार्य में लापरवाही के आरोप सामने आए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि एनसीसी कंपनी द्वारा पाइपलाइन बिछाने के लिए गांव की डामर रोड एवं पीसीसी सड़क खोद दी गई, लेकिन कार्य अधूरा छोड़ दिया गया।
सबसे गंभीर स्थिति शासकीय माध्यमिक पाठशाला गोदकला के मुख्य गेट के सामने है, जहां गहरा गड्ढा खोदकर ठेकेदार मौके से चला गया। इससे विद्यार्थियों, शिक्षकों और ग्रामीणों के आवागमन में भारी परेशानी हो रही है और दुर्घटना का खतरा भी बना हुआ है।
ग्रामीणों का आरोप है कि खोदी गई सड़क का न तो समतलीकरण किया गया और न ही रोलर चलाया गया। सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम भी नहीं किए गए, जिससे शासन की गाइडलाइन की अनदेखी हो रही है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि निर्माण कार्य की जांच कर दोषी एजेंसी के खिलाफ कार्रवाई की जाए और सड़क को तत्काल दुरुस्त कर आवागमन सुचारु कराया जाए।









