अरविंद तिवारी/ खबर डिजिटल/ रीवा/ जिले ने अपना एक और वीर सपूत खो दिया है। त्यौंथर तहसील के ग्राम कोनिया कला निवासी और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल में सब इंस्पेक्टर के पद पर कार्यरत देवनारायण दुबे का हृदयाघात के कारण पुणे में निधन हो गया। उनके पार्थिव शरीर के पैतृक गांव पहुंचते ही पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
ड्यूटी के दौरान बिगड़ी तबीयत
प्राप्त जानकारी के अनुसार, देवनारायण दुबे वर्तमान में भोपाल में अपनी सेवाएं दे रहे थे। ड्यूटी के दौरान ही अचानक उन्हें दिल का दौरा पड़ा, जिसके बाद उन्हें तत्काल स्थानीय अस्पताल ले जाया गया। हालत में सुधार न होने और स्थिति की गंभीरता को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए पुणे रेफर किया गया था। डॉक्टरों के अथक प्रयासों के बावजूद, उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। उनके असामयिक निधन से परिवार और गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है।
नम आंखों से विदाई
शहीद जवान का पार्थिव शरीर जैसे ही कोनिया कला पहुंचा, समूचा गांव भारत माता की जय और देवनारायण अमर रहें के नारों से गूंज उठा। अंतिम यात्रा में हजारों की संख्या में ग्रामीण और आसपास के लोग शामिल हुए। सीआरपीएफ की टुकड़ी ने अपने साथी को गार्ड ऑफ ऑनर देकर पूरे सैन्य सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी। श्मशान घाट पर गमगीन माहौल में उनके बड़े पुत्र ने मुखाग्नि देकर अंतिम संस्कार की रस्में पूरी कीं।
जनप्रतिनिधियों ने दी श्रद्धांजलि
इस दुखद घड़ी में शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाने कई जनप्रतिनिधि और सामाजिक कार्यकर्ता पहुंचे। त्यौंथर विधायक सिद्धार्थ तिवारी, पूर्व विधायक श्यामलाल द्विवेदी, भाजपा नेता कौशलेश तिवारी और पूर्व सैनिक योगेश तिवारी सहित अनेक गणमान्य नागरिकों ने पुष्पचक्र अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। उपस्थित लोगों ने कहा कि देवनारायण दुबे एक कर्तव्यनिष्ठ और देशभक्त सैनिक थे, जिनका बलिदान और सेवा भाव हमेशा याद रखा जाएगा।









