खबर डिजिटल न्यूज़ रिपोर्टर /कटनी--दतिया विधानसभा उपचुनाव में कांग्रेस की ऐतिहासिक जीत के बाद कटनी में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार विजय उत्सव मनाया। जिला कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों की थाप पर खुशियां मनाईं, आतिशबाजी की और एक-दूसरे का मुंह मीठा कर जीत का जश्न साझा किया।जिला कांग्रेस कमेटी शहर अध्यक्ष एडवोकेट अमित शुक्ला ने कहा कि दतिया की जनता ने लोकतंत्र में विश्वास जताते हुए जनहित और विकास की राजनीति को समर्थन दिया है। उन्होंने कहा कि यह जनादेश प्रदेश में सकारात्मक बदलाव का संकेत है और जनता ने जनविरोधी नीतियों को लोकतांत्रिक तरीके से नकार दिया है।ग्रामीण जिला कांग्रेस अध्यक्ष सौरभ सिंह ने कहा कि उपचुनाव का परिणाम प्रदेश की राजनीति में परिवर्तन का संदेश देता है। उनके अनुसार किसानों, युवाओं, महिलाओं और श्रमिकों सहित हर वर्ग ने कांग्रेस की जनसेवा और जवाबदेही की सोच पर भरोसा जताया है। उन्होंने इसे संगठन के कार्यकर्ताओं की मेहनत और समर्पण की जीत बताया।विजय उत्सव के दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने दतिया की जनता का आभार व्यक्त करते हुए प्रदेश में जनसेवा, सामाजिक न्याय और विकास के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प दोहराया।दतिया उपचुनाव के नतीजों के बाद प्रदेश की राजनीति में नई चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। कांग्रेस इस जीत को जनता के भरोसे और बदलाव के संदेश के रूप में पेश कर रही है।
कटनी से सौरभ श्रीवास्तव की रिपोर्ट









