दिल्ली में रहने वाले लोगों के लिए यमुना नदी पर घूमने और क्रूज की सवारी करने का नया विकल्प शुरू हो गया है. अब इसके लिए दूसरे शहरों में जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी. मंगलवार को केंद्रीय बंदरगाह, पोत परिवहन एवं जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोनिया विहार में 'नमो यमुना रिवर क्रूज सेवा' की शुरुआत की. इस पहल का मकसद राजधानी में नदी आधारित पर्यटन को बढ़ावा देना और लोगों को यमुना के प्राकृतिक वातावरण से रूबरू कराना है.
इस परियोजना के तहत सोनिया विहार से जगतपुर तक लगभग चार किलोमीटर के हिस्से में क्रूज और फेरी सेवा विकसित की गई है. पूरी यात्रा के लिए 500 रुपये शुल्क प्रस्तावित है, जबकि परिसर में प्रवेश के लिए 50 रुपये देने होंगे. पर्यटक इस सेवा के जरिए यमुना में नौका विहार का आनंद ले सकेंगे.
35 से 45 मिनट की होगी क्रूज यात्रा
फिलहाल इस रूट पर 30 यात्रियों की क्षमता वाला इलेक्ट्रिक क्रूज शुरू किया गया है. यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इसी क्षमता का एक और क्रूज फरवरी-मार्च 2027 तक शुरू करने की योजना है. पूरी यात्रा में करीब 35 से 45 मिनट का समय लगेगा. क्रूज निर्धारित मार्ग पर सफर करने के बाद यात्रियों को वापस शुरुआती स्थान पर लेकर आएगा.
हालांकि, मानसून के दौरान नदी में पानी के स्तर और परिस्थितियों को देखते हुए सेवा बंद रखी जाएगी. हर साल एक जुलाई से 30 सितंबर तक क्रूज का संचालन नहीं होगा.
बच्चों के लिए प्ले जोन और म्यूजिकल फाउंटेन भी
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इस पहल को यमुना के प्रति आस्था और समर्पण से जुड़ा प्रयास बताया. उन्होंने कहा कि नमो यमुना रिवर सफारी केवल क्रूज या नौका सेवा तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके जरिए दिल्ली के लोग नदी के प्राकृतिक वातावरण को करीब से देख और महसूस कर सकेंगे. उन्होंने परिवारों से बच्चों के साथ यहां आने की अपील भी की.
वहीं, पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा ने बताया कि यहां मनोरंजन के लिए कई तरह की सुविधाएं तैयार की गई हैं. म्यूजिकल फाउंटेन के जरिए भगवान श्रीकृष्ण की गाथा और यमुना की महिमा दिखाई जाएगी. बच्चों के लिए प्ले जोन, गेमिंग और क्रिएटिव गतिविधियों की व्यवस्था होगी. इसके अलावा फूड कोर्ट, इकोलॉजिकल ट्रेल्स और वॉकिंग ट्रेल्स भी विकसित किए गए हैं.
यात्रियों के लिए तैयार किया गया आधुनिक टर्मिनल
सोनिया विहार में पर्यटकों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए तटवर्ती टर्मिनल और दो फ्लोटिंग जेट्टी बनाई गई हैं. यहां टिकट काउंटर, वेटिंग एरिया, पार्किंग और व्यावसायिक दुकानें भी मौजूद रहेंगी. इलेक्ट्रिक क्रूज को चार्ज करने के लिए स्टेशन बनाया गया है. इसके साथ ही पेयजल, शौचालय और सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं.
इस पूरी परियोजना को भारतीय अंतर्देशीय जलमार्ग प्राधिकरण, डीडीए, दिल्ली जल बोर्ड, सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग और दिल्ली पर्यटन एवं परिवहन विकास निगम ने मिलकर तैयार किया है. मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ यमुना की सफाई के लिए भी लगातार काम कर रही है. उम्मीद है कि यह सेवा राजधानी में पर्यटन के नए आकर्षण के रूप में उभरेगी.









